बालाकोट एयर स्ट्राइक की प्लानिंग करने वाले IPS ऑफिसर समंत गोयल रॉ चीफ, अरविंद कुमार बने IB के मुखिया
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समंत गोयल और अरविंद कुमार को बड़ी जिम्मेदारियां दी हैं। पीएम मोदी ने समंत गोयल को देश की इंटेलीजेंस एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) का मुखिया बनाया है। वहीं अरविंद कुमार को इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) की जिम्मेदारी दी गई है। समंत और अरविंद दोनों ही 1984 बैच के आईपीएस ऑफिसर हैं। इन दोनों की नियुक्ति की खबरें पाकिस्तान की मीडिया में भी छाई हुई हैं। समंत ने बालाकोट एयर स्ट्राइक की प्लानिंग बड़ा रोल अदा किया था।

2016 की सर्जिकल स्ट्राइक में भी थे शामिल
समंत गोयल पंजाब कैडर के आईपीएस हैं तो अरविंद कुमार असम-मेघायल कैडर से आते हैं। रॉ के चीफ के तौर पर नियुक्त होने से पहले समंत गोयल दूसरे देशों से जुड़ी इंटेलीजेंस से जुड़ी एजेंसी के संचालन को संभाल रहे थे। 26 फरवरी को हुई बालाकोट एयर स्ट्राइक की प्लानिंग में गोयल ने अहम भूमिका अदा की थी। न सिर्फ बालाकोट बल्कि गोयल ने ही सितंबर 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक की योजना बनाई थी। सितंबर 2016 में जो सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी, वह उरी आर्मी ब्रिगेड पर हुए आतंकी हमले के जवाब में थी। समंत गोयल के पास पंजाब में पैदा आतंकवाद से जूझने का बड़ा अनुभव है।
अरविंद को कश्मीर मामलों का अनुभव
पाकिस्तान मामलों की अच्छी-खासी समझ रखने वाले गोयल ने उस समय पंजाब से आतंकवाद को खत्म करने में अहम भूमिका अदा की थी जब यहां आतंकी गतिविधियां चरम पर थीं। उनके सीनियर्स का कहना है कि गोयल अपने काम के प्रति पूरी तरह से समर्पित रहने वाले ऑफिसर हैं। अब अगर आईबी के नए मुखिया अरविंद कुमार की बात करे तो उनके पास चरमपंथ से निबटने का अनुभव है। वर्तमान समय में वह आईबी में स्पेशल डायरेक्टर कश्मीर का जिम्मा संभाल रहे हैं। समंत का नाम हालांकि पिछले दिनों भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले को लेकर विवादों में था।












Click it and Unblock the Notifications