बाढ़ से जूझ रहे राज्यों को केंद्र का सहारा, PM Modi ने पंजाब-हिमाचल को दिया करोड़ का 'बाढ़ रिलीफ पैकेज'
PM Modi Flood Relief: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार, 9 सितंबर को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और दोनों राज्यों के लिए बड़े राहत पैकेज का ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार इस कठिन समय में राज्य सरकारों और प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
पंजाब के लिए 1,600 करोड़ रुपये और हिमाचल के लिए 1,500 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा भी मिलेगा।

पीएम मोदी ने बच्चों, किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने एनडीआरएफ, सेना और स्थानीय प्रशासन के राहत कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार राज्यों के साथ मिलकर पुनर्वास कार्यों को आगे बढ़ाएगी।
Punjab Flood Package : पंजाब को मिलेगा 1,600 करोड़ का पैकेज
प्रधानमंत्री ने ऐलान किया कि पंजाब को बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से हुई तबाही के लिए 1,600 करोड़ रुपये की विशेष सहायता दी जाएगी। यह राशि राज्य को पहले से दिए जा चुके 12,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त होगी।
- SDRF की दूसरी किस्त और पीएम किसान सम्मान निधि का अग्रिम वितरण किया जाएगा।
- मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
- हाल ही में अनाथ हुए बच्चों को PM CARES for Children योजना के तहत दीर्घकालिक सहयोग मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने राहत व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में बहुआयामी मदद की जरूरत है, जिसमें मकानों का पुनर्निर्माण, सड़कों और स्कूलों की मरम्मत, किसानों को विशेष सहायता और जल संरक्षण संरचनाओं का विकास शामिल है।
किसानों और ग्रामीणों के लिए विशेष राहत
जिन किसानों के ट्यूबवेल और बोरवेल बाढ़ में बह गए या सिल्ट से भर गए हैं, उन्हें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत मदद मिलेगी। डीजल पर चलने वाले पंप सेट्स को सौर पैनल से जोड़ने के लिए MNRE की योजना से सहायता मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त मकानों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत विशेष वित्तीय मदद दी जाएगी।बाढ़ से क्षतिग्रस्त सरकारी स्कूलों को समग्र शिक्षा अभियान से सहयोग मिलेगा। जल संचय जनभागीदारी कार्यक्रम के तहत वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण और मरम्मत व्यापक स्तर पर किया जाएगा।
Himachal Flood Aid: हिमाचल प्रदेश को भी मिला 1,500 करोड़ का पैकेज
पंजाब से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का भी हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने गग्गल हवाई अड्डे पर बैठक कर हालात का जायजा लिया और 1,500 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता का ऐलान किया। यहां भी मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
केंद्र सरकार की संवेदनशीलता
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार NDRF, SDRF, सेना और स्थानीय प्रशासन के प्रयासों की सराहना करती है, जिन्होंने तुरंत राहत और बचाव अभियान चलाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्यों के मेमोरेंडम और केंद्रीय टीमों की रिपोर्ट के आधार पर आगे भी अतिरिक्त मदद दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications