पीएम मोदी ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए की खास अपील, अयोध्या में दीपोत्सव पर बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
PM Modi Extends Diwali Wishes: देश भर में दीपावली की रौनक महसूस की जा रही है। सड़कों से लेकर गलियों तक हर ओर रंग-बिरंगी रोशनियां और मिठास घुली हुई है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए एकता, सौहार्द और समृद्धि का संदेश दिया।
पीएम ने इस पावन पर्व को न सिर्फ खुशी का प्रतीक बताया बल्कि 'वोकल फॉर लोकल' की भावना के साथ देश की आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करने का अवसर कहा। वहीं, रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव का ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने पूरी दुनिया को चकित कर दिया। सरयू तट पर एक साथ 26 लाख दीप जलाकर अयोध्या ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया।

सोमवार सुबह पीएम मोदी ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा- "दीवाली के अवसर पर सभी को शुभकामनाएँ। यह प्रकाश पर्व हमारे जीवन को सौहार्द, खुशी और समृद्धि से रोशन करे। चारों ओर सकारात्मकता का माहौल बना रहे।"
पीएम मोदी ने दिया 'स्वदेशी' अपनाने का संदेश
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की थी कि वे इस दिवाली 'स्वदेशी' उत्पादों से त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि जब हम भारतीय वस्तुएँ खरीदते हैं, तो हम 140 करोड़ देशवासियों की मेहनत और रचनात्मकता का सम्मान करते हैं।
पीएम मोदी ने कहा, "आइए इस त्यौहार पर देशवासियों की मेहनत और नवाचार का जश्न मनाएँ। भारतीय उत्पाद खरीदें और गर्व से कहें- यह स्वदेशी है! आपने जो खरीदा है, उसे सोशल मीडिया पर साझा करें ताकि दूसरे भी प्रेरित हों।"
Let’s mark this festive season by celebrating the hardwork, creativity and innovation of 140 crore Indians.
Let’s buy Indian products and say- Garv Se Kaho Yeh Swadeshi Hai!
Do also share what you bought on social media. This way you will inspire others to also do the same. https://t.co/OyzVwFF8j6
— Narendra Modi (@narendramodi) October 19, 2025
उनकी यह अपील 'वोकल फॉर लोकल' अभियान को और मजबूत करने की दिशा में एक और कदम है। इसका उद्देश्य छोटे कारीगरों, हस्तशिल्पियों और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन देना है ताकि भारतीय अर्थव्यवस्था और रोजगार दोनों को बल मिले।
नेताओं ने दी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं
गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "प्रकाश और उल्लास के पर्व दीपावली की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम से सभी के आरोग्य और धन-धान्य की प्रार्थना करता हूं।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, "समस्त देशवासियों को प्रकाश और उल्लास के पावन पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिव्य दीपोत्सव हमारे जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और समृद्धि का संचार करे। मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा से देश में शांति, एकता और निरंतर प्रगति का दीप सदा प्रज्वलित रहे।"
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संदेश में कहा, "अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला यह पर्व आपके जीवन में आनंद और समृद्धि लाए। आइए, हम सब मिलकर प्रेम, भाईचारा और सौहार्द को बढ़ावा दें, तथा अन्याय और भेदभाव का सामना एकजुट होकर करें।"
अयोध्या में बना विश्व रिकॉर्ड, 26 लाख दीपों से जगमगाई नगरी
दीपावली से एक दिन पहले अयोध्या ने इतिहास रच दिया। 'दीपोत्सव 2025' के मौके पर यहां सरयू तट पर 26 लाख से अधिक मिट्टी के दीप जलाकर एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। यह आयोजन उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और अयोध्या जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कुल 2,617,215 दीपक जलाए गए। इस दौरान सरयू तट पर एक साथ हजारों दीपों की झिलमिलाहट ने ऐसा दृश्य बनाया, जिसने देश-दुनिया को मंत्रमुग्ध कर दिया। दीपों की गिनती और सटीक व्यवस्था के लिए विशेष पैटर्न बनाया गया था, ताकि रिकॉर्ड को सत्यापित किया जा सके।
30 हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने निभाई अहम भूमिका
इस भव्य आयोजन में विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों के 30,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। दीप प्रज्वलन के साथ-साथ हजारों प्रतिभागियों ने एक साथ 'दीया घुमाने' की पारंपरिक क्रिया भी की, जो दीपोत्सव का आकर्षण बन गई।
इसी कार्यक्रम में 2,128 श्रद्धालुओं ने सामूहिक सरयू आरती की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सरयू तट पर जलते दीपों की सुनहरी रोशनी और आरती की गूंज ने अयोध्या को एक अलौकिक आभा से भर दिया।
ये भी पढ़ें:












Click it and Unblock the Notifications