PM Modi Deoghar-Patna visit : बाबा नगरी में एयरपोर्ट का उद्घाटन, बिहार में विधान सभा का शताब्दी समारोह
पीएम मोदी 12 जुलाई को झारखंड और बिहार का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री देवघर (PM Modi Deoghar) और पटना में कई कार्यक्रमों में शरीक होंगे। देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम है।
नई दिल्ली, 09 जुलाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके निर्माण में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत आई है। प्रधानमंत्री देवघर एयरपोर्ट के शुभारंभ के अलावा 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

भगवान शिव की शरण में पीएम मोदी !
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से जारी बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भगवान शंकर का दर्शन-पूजन भी करेंगे। बता दें कि बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पर्यटन के लिहाज से अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है। बाबा बैद्यनाथ भारत के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक हैं।
देवघर हवाई अड्डे का उद्घाटन
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, बाबा बैद्यनाथ धाम देशभर से भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। यहां सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी के तहत प्रधानमंत्री देवघर हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। पीएमओ की ओर से देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम में प्रसाद योजना के तहत तैयार किए गए अलग-अलग कंपोनेंट की तस्वीरें भी जारी की गई हैं।
बिहार में पीएम मोदी
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी 12 जुलाई को देवघर के अलावा बिहार की राजधानी पटना का भी दौरा करेंगे। पीएम मोदी बिहार विधान सभा के शताब्दी समारोह के समापन समारोह को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री बिहार विधानसभा के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बने शताब्दी स्मृति स्तम्भ का उद्घाटन भी करेंगे।
कब बनी बिहार विधानसभा
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की स्थापना 1920 में हुई। बिहार विधानसभा की सेपरेट बिल्डिंग 1920 में बनाई गई। जनवरी, 1937 में पहली बार 152 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए चुनाव कराए गए। जुलाई 1937 में श्रीकृष्ण सिंह बिहार विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने, जबकि रामदयालु सिंह बिहार विधानसभा के पहले अध्यक्ष चुने गए। तमाम संवैधानिक बदलावों के बाद वर्तमान में बिहार विधानसभा 243 सदस्यीय है।












Click it and Unblock the Notifications