पीएम मोदी ने 'द कश्मीर फाइल्स' को बताया अच्छी फिल्म, बीजेपी सांसदों को इसे देखने की दी सलाह
नई दिल्ली, 15 मार्च। विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी द कश्मीर फाइल्स फिल्म की हर ओर चर्चा हो रही है। वर्षों तक कश्मीरी पंडितों के साथ जो नरसंहार हुआ, उस सच को ये फिल्म लोगों के सामने लाई हैं। इस फिल्म को कई राज्यों में टैक्स फ्री कर दिया गया है वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फिल्म पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

भाजपा संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतिहास प्रस्तुत करने में फिल्म उद्योग की भूमिका पर बोलते हुए 'द कश्मीर फाइल्स' का भी उल्लेख किया । उन्होंने कहा हमेशा अभिव्यक्ति की आज़ादी का झंडा फहराने वाले बेचैन होते हैं। तथ्यों की समीक्षा करने की बजाय उसे बदनाम करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए सभी लोगों से नई रिलीज हुई फिल्म द कश्मीर फाइल्स देखने को कहा। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छी फिल्म है और ऐसी और फिल्में बननी चाहिए।
विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित द कश्मीर फाइल्स, 11 मार्च को रिलीज़ हुई। यह फिल्म 1990 के दशक में घाटी से कश्मीरी हिंदुओं के पलायन पर आधारित है। फिल्म रिलीज के दूसरे दिन 12 मार्च को निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री, उनकी पत्नी और अभिनेत्री पल्लवी जोशी और फिल्म के निर्माता अभिषेक सहित फिल्म की टीम ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। पीएम ने उन्हें बधाई दी और फिल्म की सराहना की।
मंगलवार को बीजेपी संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी में वंशवाद की राजनीति नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा पारिवारिक राजनीति को पार्टी में अनुमति नहीं दी जाएगी । अन्य दलों में वंशवाद की राजनीति से लड़ना होगा । इसलिए अगर किसी के परिजन को टिकट नहीं दिया गया तो मैं इसकी जिम्मेदारी लेता हूं।












Click it and Unblock the Notifications