पीएम मोदी और शेख हसीना ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बांग्लादेश में तीन परियोजनाओं का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना ने संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन भारतीय सहायता प्राप्त विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस प्रोजेक्ट के लिए बांग्लादेश सरकार ने भारत का आभार जताया है।
इन तीनों अहम परियोजनाओं में अखौरा-अगरतला क्रॉस-बॉर्डर रेल लिंक, खुलना - मोंगला पोर्ट रेल लाइन और बांग्लादेश के रामपाल में मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट की यूनिट-II शामिल है।

वहीं उद्घाटन समारोह के बाद बांग्लादेशी पीएम ने भारत को धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा कि मैं हमारे दोनों देशों के बीच दोस्ती के बंधन को मजबूत करने की आपकी प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त करती हूं।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि ये खुशी की बात है कि एक बार फिर हम भारत-बांग्लादेश सहयोग की सफलता का जश्न मनाने के लिए जुड़े हैं। हमारे रिश्ते लगातार नई ऊंचाइयां छू रहे हैं। पिछले 9 वर्षों में हमने मिलकर जो काम किया है, वो इससे पहले के दशकों में भी नहीं हुआ था।
उन्होंने कहा कि सीमा पर शांति, सुरक्षा और स्थिरता स्थापित करने के लिए, हमने दशकों से लंबित भूमि सीमा समझौते पर हस्ताक्षर किए। हमने समुद्री सीमा का भी समाधान किया। पिछले 9 वर्षों में ढाका, शिलांग, अगरतला, गुवाहाटी और कोलकाता को जोड़ने वाली 3 नई बस सेवाएं शुरू की गई हैं। पिछले 9 वर्षों में 3 नई ट्रेन सेवाएं भी शुरू हुईं। भारत और बांग्लादेश के बीच 2020 से पार्सल और कंटेनर ट्रेनें भी चल रही हैं। दोनों देशों के बीच दुनिया का सबसे बड़ा क्रूज गंगा विलास शुरू करके पर्यटन को बढ़ावा दिया गया है।
फिल्म के लिए भी जताया आभार
शेख मुजीबुर रहमान की बायोपिक 'मुजीब द मेकिंग ऑफ ए नेशन' की स्क्रीनिंग बांग्लादेश के साथ भारत में भी चल रही है। इसके लिए शेख हसीना ने पीएम मोदी का आभार जताया। बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की बायोपिक बनाने की पहल पीएम मोदी ने ही की थी।












Click it and Unblock the Notifications