आज देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू की जयंती, पीएम मोदी-राहुल गांधी ने किया नमन
आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की 131वीं जयंती है और लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
नई दिल्ली। आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की 131वीं जयंती है और लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को नमन किया है। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में 14 नवंबर 1889 को जन्मे जवाहर लाल नेहरू आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री बने और 1964 तक लगातार देश के पीएम रहे। पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था और बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे, इसलिए उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
Recommended Video

'शांतिवन' पहुंचकर राहुल ने दी श्रद्धांजलि
राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा, 'आज भारत अपने पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती मना रहा है। एक ऐसे महान दूरदर्शी नेता, जिन्होंने हमारे देश की नींव भाईचारे, समतावाद और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ रखी। हमारा प्रयास रहना चाहिए कि देश के प्रति उनके ये मूल्य सुरक्षित रहें।' इसके बाद राहुल गांधी दिल्ली में पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू की समाधि 'शांतिवन' पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी और राजनाथ सिंह ने किया ट्वीट
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू को उनकी जयंती पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।' पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जवाहर लाल नेहरू को नमन किया। राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।'












Click it and Unblock the Notifications