Daily Political Update: राजस्थान में PM मोदी की ताबड़तोड़ रैली, बाड़मेर में राहुल गांधी ने बताया 'पनौती'

Political Roundup of Assembly Election States: पांच राज्यों में से तीन राज्य (मिरोरम, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ ) में वोटिंग हो चुकी है। ऐसे में बाकी दो राज्यों (राजस्थान और तेलंगाना) में चुनाव प्रचार जोरों पर हैं। पीएम मोदी का राजस्थान में ताबड़तोड़ चुनावी दौरा जारी है। वहीं स्टार प्रचारक भी जमकर मैदान में मोर्चा संभाले हुए हैं।

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी राजस्थान के दौरे पर आए हैं।इधर, तेलंगाना में भी चुनाव कैंपेन जोरोशोरों से चल रहा है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही दलों ने सत्तारूढ़ बीआरएस के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। ऐसे में जानिए मंगलवार (21 नंवबर) को चुनावी राज्यों का पूरा अपडेट, एक खबर में..

Election Political News

राजस्थान में चुनावी दिनभर

राजस्थान में चुनाव प्रचार अंतिम दौर में है। राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होगा। इससे पहले पीएम मोदी से लेकर बीजेपी के स्टार प्रचारकों की ताबड़तोड़ रैलियां हो रही है। पीएम मोदी ने मंगलवार को बारां, कोटा और करौली में जनसभाएं की, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उदयपपुर और बाड़मेर में रैली करते हुए बीजेपी को जमकर घेरा। जयपुर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया।

पीएम मोदी ने किया लाल डायरी का जिक्र: बारां के अंता में रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजकल राजस्थान की लाल डायरी की सबसे अधिक चर्चा है। इस लाल डायरी के पन्ने जैसे-जैसे खुल रहे हैं, वैसे वैसे जादूगर जी के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही है। इस लाल डायरी में साफ-साफ लिखा है कि कांग्रेस सरकार ने 5 वर्षों में आपके जल, जंगल और जमीन को कैसे बेचा है।

पेपर लीक का उठाया मुद्दा: कोटा में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कोटा शिक्षा की भी नगरी है। युवाओं के लिए सपनों की भी नगरी है। देश भर से युवा यहां पढ़ने आते हैं। कोटा से बेहतर कौन जानता है कि सपनों का मतलब क्या होता है। कांग्रेस ने पिछले 5 साल में बार-बार राजस्थान के युवाओं के सपनों को तोड़ा है। ऐसी कोई परिक्षा नहीं, ऐसा कोई पेपर नहीं जो कांग्रेस ने बेचा नहीं। कांग्रेस का पेपर लीक माफिया युवाओं के सपनों पर भारी पड़ गया है इसलिए राजस्थान बेरोजगारी के मामले में देश में अग्रणी है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं परीक्षा के पेपर लूट कर जिसने भी अपने लॉकर भरे हैं, उसका लॉकर टूटेगा और वे लॉकअप में जाएगा।"

हिंसा को दिलाया याद: करौली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "करौली और धौलपुर जादूगर को साफ-साफ संदेश दे रहे हैं। 3 दिसंबर - जादूगर ही छूमंतर, 3 दिसंबर - कांग्रेस ही छूमंतर। पिछ्ले वर्ष नववर्ष की शोभायात्रा के दौरान करौली में जो हुआ, आप उसे भूल सकते हैं क्या?... यहां पत्थरबाजी में कितने ही लोग लहूलुहान हो गए, कितनों का व्यापार-कारोबार चौपट हो गया... ये हमले इसलिए नहीं रुकते हैं, क्योंकि दंगो के आरोपी मुख्यमंत्री के आवास पर दावत करते हैं। जो अपराधियों को दावत देती है, क्या वो कांग्रेस आपकी रक्षा कर सकती है?"

बीजेपी देश में नफरत क्यों फैला रही है?: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उदयपुर के वल्लभनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "सवाल यह है कि बीजेपी देश में नफरत क्यों फैला रही है? मैं आपको दो बातें बताना चाहता हूं, नफरत का कारण बेरोजगारी और महंगाई है। बीजेपी की व्यवस्था आपका ध्यान बेरोजगारी और महंगाई से हटाकर नफरत की ओर ले जा रही है। बीजेपी और आरएसएस का लक्ष्य है कि गरीबों, मजदूरों, किसानों, आदिवासियों और दलितों को पैसे से दूर रखा जाए। वे चाहते हैं कि सारा पैसा मुट्ठी भर अरबपतियों को दे दिया जाए।

PM मतलब पनौती मोदी: बाड़मेर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "जब दो जेब कतरे किसी की जेब काटना चाहते हैं तो सबसे पहले क्या करते हैं? ध्यान हटाते हैं। एक आपके सामने आता है और पीछे से दूसरा जेब काटकर चला जाता है... हिंदुस्तान में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोज़गारी, गरीबी, महंगाई है। आपने कभी इनके बारे में टी.वी. पर देखा है?... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काम आपके ध्यान को इधर-उधर करने का है और अडानी का काम आपकी जेब काटने का है... कभी क्रिकेट मैच में चले जाएंगे वो अलग बात है कि हरवा देते हैं। PM मतलब पनौती मोदी... "

कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी: जयपुर में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले घोषणापत्र जारी किया। खड़गे ने कहा, "प्रधानमंत्री ने कहा था कि जब मेरी मां-बहनें चूल्हे के सामने बैठ कर फूंकनी से फूंकती हैं और धुंआ आंखों में आता है ये मुझसे देखा नहीं जाता इसलिए मैं फ्री गैस सिलेंडर दूंगा। उन्होंने पहला गैस सिलेंडर फ्री में दिया बाद में उसे बढ़ाते-बढ़ाते 1150 का कर दिया। अब चुनाव आए जो 200 रुपए कर दिया। आपने पहले 450 का सिलेंडर 1150 का कर दिया। इतना पैसा निकालने के बाद आप हमें 200 दे रहे हैं। ये हमें बोलते हैं कि हम रेवड़ी बांट रहे हैं, फिर वोट लेने के लिए 5 किलो राशन दे रहे हैं इसे क्या कहें?"

घोषणा पत्र पर बोले गहलोत: जयपुर में सीएम अशोक गहलोत ने घोषणा पत्र को लेकर कहा कि हम घोषणा पत्र को कितना महत्व दे रहे हैं। हम देश में सबसे अधिक विश्वसनीयता अपने घोषणा पत्र की रखना चाहते हैं। पिछली बार भी चुनाव जीतने के बाद हमने घोषणा पत्र को पहली कैबिनेट की बैठक में रखा और हमारे 97% वादे पूरे हुए। हमारा काम करने का तरीका यही है। हमने आर्थिक रूप से जितने कदम उठाए थे उससे बहुत मदद मिली है।

बेरोजगारी पर बोले पायलट: जयपुर में कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "हम करीब 2-2.25 लाख नौकरी दे चुके हैं और 1 लाख प्रक्रिया में है...देश में केंद्र सरकार की वजह से ऐतिहासिक बेरोजगारी है इसे खत्म करने के लिए राज्य सरकारों को और काम करना पड़ेगा। इस दृष्टिकोण से कांग्रेस ने संकल्प लिया है कि लाखों लाख लोगों को अगले 5 साल में रोजगार देंगे।...बीजेपी ने कहा था कि प्रति वर्ष 2 करोड़ लोगों को रोजगार देंगे। आज 9.5 साल हो गए क्या उन्होंने 18 करोड़ लोगों को रोजगार दिया है? बीजेपी कहती कुछ है करती कुछ है लोगों को उनके घोषणा पर विश्वास नहीं है..."

घोषणा पत्र पर केंद्रीय मंत्री का निशाना: कांग्रेस के घोषणापत्र में जातिगत सर्वेक्षण की गारंटी पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "...OBC को आरक्षण देने और OBC के बारे में बात करने का नैतिक अधिकार कांग्रेस पार्टी के पास नहीं है। जब मंडल कमीशन को लागू करने के लिए देश भर का युवा आंदोलनरत था तब इनके नेताओं ने क्या-क्या प्रतिक्रियाएं दी थीं, इसे आज भी OBC समाज भूला नहीं है।"

शाह का गहलोत पर अटैक: अलवर के किशनगढ़ बास विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "गहलोत सरकार ने राजस्थान के 40 लाख युवाओं को धोखा दिया है। अगर राजस्थान में हमारी डबल इंजन सरकार आएगी तो हम भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को सलाखों के पीछे डालेंगे....इतने पेपर लीक होने के बाद भी गहलोत जी कह रहे हैं कि मुझे एक मौका और दीजिए।"

नड्डा बोले 20 लाख मकान बनाएंगे: सीकर जिले के धोद विधानसभा में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित करते बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ मकान बनाए गए लेकिन इस गहलोत(मुख्यमंत्री अशोक गहलोत) ने आपके 9 लाख मकान रोक लिए। मोदी जी ने कहा था कि राजस्थान में आपके लिए 20 लाख मकान बनाएंगे। हमारी सरकार यहां आने के बाद ये मकान फिर से बनेंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ जनता को 5 किलो गेहूं और चावल मिल रहा है।"

योगी की गहलोत सरकार पर हमला: चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, " मैं राजस्थान में पिछले 4-5 दिनों से चुनाव प्रचार में हूं और जहां भी जाता हूं तो कहीं खनन माफिया,वन माफिया,पशु माफिया हैं...और जब माफियाओं की चर्चा होती है तो मुझे पुराने उत्तर प्रदेश की याद आती है।...माफियाओं का इलाज केवल डबल इंजन की सरकार ही है।...इन माफियाओं को डबल इंजन की सरकार रोकेगी और उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।"

तेलंगाना चुनाव दिनभर

तेलंगाना की सभी 119 सीटों पर 30 नवंबर को वोटिंग होगी। यहां सत्तारूढ़ दल बीआरएस की बीजेपी और कांग्रेस से कांटे की टक्कर है। ऐसे में तीनों ही दल जमकर चुनाव प्रचार में जुटे हैं।

BRS पर डिप्टी सीएम का हमला: हैदराबाद में महाराष्ट्र उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा, ''तेलंगाना में लोगों ने मन बना लिया है, वे पीएम मोदी के साथ जाएंगे। आज जो यहां पर पार्टी है पहले TRS थी फिर BRS बनी अब इस पार्टी का नाम FRS (फैमिली राज पार्टी) कर देना चाहिए। इनके भ्रष्टाचार से लोग तंग हैं इनकी, कांग्रेस और AIMIM की मिली भगत इनको पता है इसलिए लोग बीजेपी का साथ देंगे।... 5 राज्यों के चुनाव में कांग्रेस की एक भी जगह सरकार नहीं बनेगी.."

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+