25 और 26 जून को व्हाइट हाउस में होगी मोदी-ट्रंप की मुलाकात, मोदी ने स्वीकार किया ट्रंप का न्यौता
वॉशिंगटन। इस माह के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हो सकती है। पीएम मोदी, राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने के लिए 25 जून को अमेरिका के लिए रवाना होंगे। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक पीएम मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और दोनों 25 और 26 जून को मुलाकात करेंगे।

हाल के दिनों में आई संबंधों में तल्खी
ऐसा माना जा रहा है कि सोमवार को अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से इस मुलाकात की तारीखों की आधिकारिक पुष्टि कर दी जाएगी। पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात ऐसे समय में होगी जब ट्रंप ने पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका का नाम वापस ले लिया है और भारत को इसके लिए दोषी ठहराया है। ट्रंप के हालिया कदम से भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों पर खासा असर पड़ा है और दोनों के संबंधों पर अब अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। हालांकि अमेरिका में नया प्रशासन आने के बाद से भारत के रिश्ते अमेरिका के साथ परेशान करने वाले हो गए हों, ऐसा कम हुआ है। हाल ही मं अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) एचआर मैकमास्टर ने भारत को अमेरिका का सबसे बड़ा रक्षा साझीदार करार दिया था। अप्रैल में मैकमास्टर भारत की यात्रा पर आए थे। वह पाकिस्तान और अफगानिस्तान से होते हुए भारत पहुंचे थे। माना जा रहा है कि पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा होगी जिसमें एच1बी वीजा और व्यापार जैसे मुद्दे भी शामिल होंगे।
तारीखों का ऐलान बाकी
गुरुवार को विदेश विभाग के प्रवक्ता हीथर नाउएर्ट ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा था, 'हम वॉशिंगटन में भारतीय प्रधानमंत्री के आने और उनके स्वागत का इंतजार कर रहे हैं। मेरा मानना है कि यह इसी माह होगा।' पीएम मोदी, राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात के लिए इसी माह अमेरिका की यात्रा पर जा सकते हैं। फिलहाल इस मीटिंग की तारीखों के बारे में अभी कोई भी ऐलान नहीं किया गया है। 20 जनवरी को अमेरिकी सत्ता बदलने के बाद यह पीएम मोदी की पहली अमेरिकी यात्रा होगी। दोनों नेताओं के बीच तीन बार फोन पर बात हो चुकी है। पीएम मोदी और ट्रंप की इस मुलाकात पर हर किसी की नजरें हैं और इस मीटिंग का इंतजार दोनों देशों के लोग उस समय से कर रहे हैं जब से ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति का पद संभाला है। ट्रंप से पहले ओबामा प्रशासन के दौरान पीएम मोदी ने रिकॉर्ड आठ बार पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात की थी। पीएम मोदी तीन बार अमेरिका की यात्रा कर चुके हैं और ओबामा से मिल चुके हैं। वहीं बराक ओबामा जनवरी 2015 में दूसरी बार भारत की एतिहासिक यात्रा पर आए थे। ओबामा उस समय गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि बने थे और इसके साथ ही वह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए थे जिन्होंने गणतंत्र दिवस में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी।












Click it and Unblock the Notifications