गांधीग्राम संस्थान के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए PM, संगीत उस्ताद इलैयाराजा को डॉक्टरेट की उपाधि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) तमिलनाडु के दौरे पर हैं। वहां पर शुक्रवार को वो डिंडीगुल (Dindigul) में गांधीग्राम ग्रामीण संस्थान के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और राज्यपाल आरएन रवि ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने संगीत उस्ताद इलैयाराजा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान की।

कार्यक्रम में शामिल छात्रों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज उन सभी महान बुद्धिजीवियों को बधाई देता हूं, जिन्होंने आज अपना पाठ्यक्रम पूरा किया है और साथ ही उनके माता-पिता भी, जिनके बलिदानों ने आखिरकार इसे संभव बनाया है। गांधीग्राम का उद्घाटन स्वयं महात्मा गांधी ने किया था। ग्रामीण विकास के उनके विचारों की भावना को यहां देखा जा सकता है। गांधीवादी मूल्य तेजी से प्रासंगिक होते जा रहे हैं। चाहे वो संघर्षों को खत्म करने की बात हो या जलवायु संकट की। महात्मा गांधी के विचारों में आज की कई चुनौतियों का जवाब है।
पीएम ने आगे कहा कि महात्मा गांधी से प्रेरित होकर हम आत्मानिर्भर भारत की दिशा में काम कर रहे हैं। महात्मा गांधी चाहते थे कि गांवों का विकास हो। साथ ही वे चाहते थे कि ग्रामीण जीवन के मूल्यों का संरक्षण किया जाए। लंबे समय तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच असमानता बनी रही, लेकिन आज देश इसे सुधार रहा है।
खादी की बिक्री बढ़ी
उन्होंने कहा कि खादी महात्मा गांधी के दिल के बहुत करीब रही और आज यह काफी लोकप्रिय हो गया है। पिछले 8 वर्षों में खादी की बिक्री में 300 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। गांधी जी के लिए उचित स्वच्छता सुनिश्चित करना एक चिंता थी। इस दिशा में हमारी सरकार ने पूर्ण ग्रामीण स्वच्छता कवरेज, 6 करोड़ से अधिक नल के पानी के कनेक्शन और 2.5 करोड़ से अधिक बिजली कनेक्शन प्रदान किए। पीएम के मुताबिक भारत का भविष्य युवाओं की 'कैन डू' पीढ़ी के हाथों में है। आज स्नातक करने वाले युवाओं को मेरा संदेश है कि आप नए भारत के निर्माता हैं।












Click it and Unblock the Notifications