पिछले सात सालों से पीएम ऐसे ही भाषण दे रहे हैं, जमीन पर कुछ लागू नहीं हुआ- कांग्रेस
लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी द्वारा देश को संबोधित किये जाने पर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषणों में केवल योजनाओं की घोषणा करते हैं, उन्हें लागू नहीं करते।
नई दिल्ली, 15 अगस्त। लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी द्वारा देश को संबोधित किये जाने पर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषणों में केवल योजनाओं की घोषणा करते हैं, उन्हें लागू नहीं करते। उन्होंने पीएम मोदी पर किसानों की आवाज न सुनने का भी आरोप लगाया, जो कृषि कानूनों के मुद्दे पर कई महीनों से आंदोलन कर रहे हैं।

पिछले सात सालों से सुन रहे हैं यही भाषण
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम पिछले 7 सालों से इसी तरह के भाषण पीएम मोदी से सुन रहे हैं लेकिन छोटे किसानों समेत किसी भी पीड़ित वर्ग के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: एयर इंडिया की फ्लाइट ने काबुल से 129 यात्रियों के साथ भरी उड़ान, रात को पहुंचेगी दिल्ली
कांग्रेस ने किसानों के लिए बहुत कुछ किया
उन्होंने आगे कहा कि वह नई योजनाओं की घोषणा करते हैं लेकिन जमीन पर कुछ भी दिखाई नहीं देता। वह बहुत सी बातें कहते हैं लेकिन उनका पालन कभी नहीं करते और अब तीन नए कृषि कानून लाकर उन्होंने किसानों के लिए मुसीबत ला दी है। पीएम मोदी द्वारा छोटे किसानों और विकास की वर्तमान स्थिति के लिए पिछली सरकारों को दोषी ठहराए जाने को लेकर खड़गे ने कहा कि बार-बार लाल किले की प्राचीर से कांग्रेस को दोषी ठहराने से कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि, 'कांग्रेस ने अपने शासन काल में इस देश के लिए बहुत कुछ किया है, उन्हें सिंचाई प्रणाली उपलब्ध कराई। मनमोहन सिंह जी और सोनिया गांधी जी ने यूपीए के सत्ता में रहने पर किसानों का कर्ज माफ किया।'
रणदीप सुरजेवाला ने भी किया कटाक्ष
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 100 लाख करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा को लेकर पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दो साल पहले भी पीएम ने यही कहा था।
कृषि कानून वापस होते तो यह एक ऐतिहासिक दिन होता
वहीं, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन होता यदि प्रधानमंत्री ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा की होती।












Click it and Unblock the Notifications