पूर्वोत्तर में टूजी मोबाइल-रेल लाइन सेवाओं के लिए मोदी ने दिए करोड़ों
कोहिमा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर की काया पलटने के लिए सरकारी खजाने का मुंह खोल दिया है। पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर में नई रेल लाइन बिछाने के लिए 28 हजार करोड़ रुपए मुहैया कराने की घोषणा की है। मोदी ने कहा कि ऐसा पूर्वोत्तर से संपर्क सुधारने और पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के लिए किया जा रहा है। कहा कि इलाके में टूजी मोबाइल सेवा के लिए केंद्र ने 5 करोड़ रुपए भी मुहैया कराए हैं, ताकि पूर्वोत्तर क्षेत्र में दूरसंचार विकास योजना शुरु की जा सके। मोदी ने कहा, आजकल आधारभूत ढांचे का मतलब पूरी तरह बदल गया है । सड़क एवं रेल मार्ग के अलावा हमें डिजिटल संपर्क की भी जरूरत है । इंटरनेट से जुड़ना जरूरी है । अब युवक मोबाइल फोन, इंटरनेट के बिना नहीं रह सकते।

नगालैंड के सबसे बड़े सालाना हॉर्नबिल उत्सव का उद्घाटन करते हुए मोदी ने कहा, देश के दूसरे हिस्सों और विदेशों से यहां काफी संख्या में पर्यटक आते हैं । पर्यटकों के लिए यह बेहतरीन स्थान है । लेकिन उसके लिए हमें संपर्क की जरूरत है । जब तक हमारे पास सड़क मार्ग, रेल मार्ग, हवाई सुविधा नहीं होगी तब तक पर्यटन का विकास कठिन है। उन्होंने कहा, इसलिए इस इलाके के विकास के लिए और पर्यटन के विकास के लिए एक नयी रेल लाइन परियोजना और 14 नई रेलवे लाइनों के लिए 28 हजार करोड़ रूपये मुहैया कराए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास के लिए उर्जा बहुत जरूरी है इसलिए नगालैंड सहित पूर्वोत्तर के छह राज्यों में उर्जा प्रणाली सुधार परियोजना के लिए पांच हजार करोड़ रूपये की मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य सातों दिन, चौबीसों घंटे और पूरे वर्ष बिजली की आपूर्ति करना है और इसे हासिल करने के लिए हम पूर्वोत्तर राज्यों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं ।
उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि हॉर्नबिल उत्सव से नगालैंड के पर्यटन क्षेत्र में सुधार होगा और देश के लोगों को लाभ होगा।












Click it and Unblock the Notifications