उत्तर प्रदेश में प्लास्टिक बैग पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध
लखनऊ। दुनियाभर में पर्यावरण सुरक्षा को लेकर बड़ी बहस छिड़ी हुई है। ऐसे में पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में प्लास्टिक पर बैन लगाने का मन बना लिया है।
प्रदेश में पॉलीप्रोपलीन से बने बैग को पूरी तरह से बैन करने के लिए यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इसे कानूनी रूप दे दिया है, जल्द ही इसे कैबिनेट की हरी झंडी मिल जाएगी।
आपको बता दें कि मौजूदा समय में 20 माइक्रोन से कम मोटाई और रंगीन पॉलीथिन के प्रयोग पर प्रदेश सरकार ने पाबंदी लगा रखी है।
यूपी नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव एससी यादव ने बताया कि प्लास्टिक को बैन करने के लिए मसौदा तैयार कर लिया गया है। इसमें प्लास्टिक कैरीबैग पर भी पूरी तरह से पाबंदी लग जाएगी।
दरअसल थर्मोप्लास्टिक पॉलीमर से बने पैकेट पर्यावरण के लिए बहुत नुकसानदायक है। यह देखने में कपड़े की तरह लगता है लेकिन बायोडिग्रेडेबल नहीं होने की वजह से यह पर्यावरण के लिए काफी नुकसानदायक है।
गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ के कान्हा उपवन में हर रोज तीन से छह गायों का पोस्टमार्टम किये गये जिनमें कई गायों के पेट में आठ किलो तक प्लास्टिक मिली जिसके बाद कोर्ट ने भी प्रदेश सरकार को फटकार लगाते हुए प्लास्टिक के इस्तेमाल को रोकने के निर्देश दिये थे।













Click it and Unblock the Notifications