दिल्ली में AQI बिगड़ा, बर्लिन में पीयूष गोयल ने यूरोप को घेरा! बोले-भारत से ज्यादा कार्बन उत्सर्जन करते हैं आप

दिल्ली की हवा खराब हो रही है और इसी बीच केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जर्मनी में कार्बन उत्सर्जन को लेकर यूरोप पर तीखा हमला बोला है। पीयूष गोयल ने कहा कि दुनिया की करीब 17 फीसदी आबादी भारत में रहती है, लेकिन वैश्विक कार्बन उत्सर्जन में देश की हिस्सेदारी 3 फीसदी से भी कम है।

दूसरी तरफ यूरोप की आबादी दुनिया की महज 3 से 4 फीसदी है, फिर भी प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन और पर्यावरण पर उसका असर भारत से सात से आठ गुना ज्यादा हो सकता है। उनका सवाल साफ थाजब पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने में विकसित देशों की बड़ी ऐतिहासिक भूमिका रही है, तो जलवायु नियमों का बोझ भारत जैसे विकासशील देशों पर क्यों डाला जाए?

Piyush Goyal Berlin speech

जर्मनी में यूरोप पर क्यों भड़के मंत्री?

पीयूष गोयल 22 से 27 अक्टूबर तक जर्मनी और नीदरलैंड्स के दौरे पर हैं। बर्लिन में उन्होंने इंडिया सेंटर एंड इंडो-जर्मन बिजनेस फोरम का उद्घाटन किया। इसके बाद शुक्रवार को एक राउंडटेबल ग्लोबल डायलॉग में पर्यावरण और कार्बन उत्सर्जन पर विकसित देशों की जिम्मेदारी का सवाल उठाया।

गोयल ने पूछा कि वायुमंडल में इतनी बड़ी मात्रा में कार्बन किसने छोड़ा और ओजोन परत को नुकसान पहुंचाने में किसकी भूमिका रही? उनका तर्क था कि विकसित देशों ने औद्योगिक विकास के दौरान बड़े पैमाने पर जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल किया। अब जब जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए नियम बनाए जा रहे हैं, तो भारत जैसे देशों की विकास संबंधी जरूरतों को भी ध्यान में रखना चाहिए।

गोयल ने कहा कि भारत को 1.4 अरब लोगों की ऊर्जा, भोजन और दूसरी बुनियादी जरूरतें पूरी करनी हैं। साथ ही देश की सुरक्षा और आर्थिक विकास का भी ध्यान रखना है। इसके बावजूद भारत स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने भारत और यूरोप के प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन की तुलना करते हुए कहा कि भारत का योगदान यूरोप के मुकाबले काफी कम है। हालांकि, यह आंकड़ा प्रति व्यक्ति उत्सर्जन से जुड़ा है। कुल उत्सर्जन और प्रति व्यक्ति उत्सर्जन दो अलग पैमाने हैं। किसी क्षेत्र की कुल आबादी, उद्योगों का आकार और ऊर्जा इस्तेमाल भी उसके कुल उत्सर्जन को प्रभावित करते हैं।

गोयल ने कचरा प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी पर भी जोर दिया। इसका मतलब है कि संसाधनों को इस्तेमाल के बाद फेंकने के बजाय दोबारा उपयोग या रीसाइकिल किया जाए, ताकि कचरा कम बने और नए संसाधनों की जरूरत घटे।

भारत को यूरोप के नए नियमों से क्या परेशानी?

पीयूष गोयल का बयान यूरोपीय संघ की कार्बन सीमा समायोजन व्यवस्था यानी CBAM को लेकर भारत की चिंताओं के बीच आया है। यह व्यवस्था यूरोप में आयात होने वाले कुछ उत्पादों के निर्माण के दौरान हुए कार्बन उत्सर्जन से जुड़ी लागत लागू करती है।

इसके दायरे में लोहा-इस्पात, एल्युमीनियम, सीमेंट, उर्वरक, हाइड्रोजन और बिजली जैसी श्रेणियां शामिल हैं। यूरोपीय संघ का कहना है कि उसके उद्योगों को उत्सर्जन कम करने के लिए खर्च करना पड़ता है। इसलिए आयातित उत्पादों पर भी कार्बन से जुड़ी लागत लागू होनी चाहिए, ताकि विदेशी कंपनियों को केवल कम पर्यावरणीय लागत के कारण फायदा न मिले।

भारत को चिंता है कि इससे भारतीय उत्पाद यूरोप में महंगे हो सकते हैं। खासकर इस्पात जैसे उद्योगों के निर्यात पर असर पड़ सकता है। अगर भारतीय कंपनियों की लागत बढ़ती है, तो यूरोपीय बाजार में उनकी प्रतिस्पर्धा कमजोर हो सकती है। इसका असर कारोबार, मुनाफे और दूसरे उद्योगों की लागत पर भी पड़ सकता है।

विकसित और विकासशील देशों के नियम एक जैसे क्यों नहीं?

जलवायु परिवर्तन पर अंतरराष्ट्रीय बहस में 'साझा लेकिन अलग-अलग जिम्मेदारियां' का सिद्धांत अहम है। इसका मतलब है कि सभी देशों को पर्यावरण बचाने की कोशिश करनी चाहिए, लेकिन हर देश की ऐतिहासिक भूमिका, आर्थिक क्षमता और विकास की जरूरतें एक जैसी नहीं हैं।

भारत का पक्ष रहा है कि विकसित देशों ने औद्योगिक विकास के दौरान ज्यादा उत्सर्जन किया है। इसलिए विकासशील देशों को स्वच्छ तकनीक अपनाने के लिए आर्थिक मदद और आधुनिक तकनीक भी मिलनी चाहिए। गोयल के बयान को इसी बहस से जोड़कर देखा जा सकता है। भारत पर्यावरण संरक्षण से पीछे हटने की बात नहीं कर रहा, बल्कि यह चाहता है कि जलवायु नियम उसके विकास और निर्यात पर अनुचित बोझ न डालें।

Delhi AQI Declines: दिल्ली में जहरीली हवा और ग्रेप-1 की पाबंदियां

एक तरफ बर्लिन में कूटनीति का दौर चल रहा है, तो दूसरी तरफ दिल्ली की हवा लगातार खराब बनी हुई है। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स शुक्रवार (23 अक्तूबर) सुबह 223 दर्ज किया गया, जो 'खराब' (Poor) श्रेणी में आता है। जहांगीरपुरी और चांदनी चौक जैसे इलाकों में AQI 300 के पार 'बहुत खराब' (Very Poor) दर्ज हुआ। इस सीजन में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बाद CAQM ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप का पहला चरण लागू कर दिया है।

दिल्ली की हवा खराब होने में परिवहन का बड़ा योगदान बताया गया है। भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM), पुणे के वायु गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़े आकलन में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को PM2.5 प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत बताया गया। इसके अलावा पराली जलाने, घरों से निकलने वाले उत्सर्जन, उद्योगों, निर्माण कार्य, ऊर्जा उत्पादन, कचरा जलाने और सड़क की धूल का भी योगदान रहता है। अलग-अलग दिनों में इन स्रोतों की हिस्सेदारी बदल सकती है।

भारत की जलवायु नीति के सामने चुनौती यही है कि आर्थिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाया जाए। गोयल ने विदेश में इसी मुद्दे को उठाते हुए विकसित देशों की जिम्मेदारी पर सवाल किया है। वहीं दिल्ली का प्रदूषण दिखाता है कि उत्सर्जन कम करने और हवा की गुणवत्ता सुधारने की चुनौती भारत के लिए भी लगातार बनी हुई है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+