पीयूष गोयल ने लॉन्च की 'रेल मदद' और 'मेन्यू ऑन रेल्स' ऐप, फोन पर मिलेगी ट्रेन के खाने की जानकारी
नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को रेलयात्रियों की सुविधाओं के लिए 'रेल मदद' और 'मेन्यू ऑन रेल्स' नाम की दो मोबाइल ऐप्लिकेशन लॉन्च किए हैं। रेल मदद एप के जरिए यात्री जानकारी और सुविधाओं का लाभ अपने स्मार्टफोन के जरिए उठा सकेंगे तो वहीं मेन्यू ऑन रेल्स में ट्रेन में मिलने वाले खाने के पूरे मेन्यू के बारे में मालूमात हासिल की जा सकेगी। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल और रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने इन ऐप को लॉन्च किया है।

मंत्रालय की चार साल की उपलब्धियों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस
रेल और कोयला मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को रेल और कोयला मंत्रालय की चार साल की उपलब्धियों को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये ऐप लॉन्च किए। इस दौरान मंत्रालयों में बीते चार साल में हुए कामों के बारे में भी गोयल ने जानकारी दी। ये दोनों ऐप एंड्रॉयड और आईओएस यूजर्स के लिए हैं। इन्हें गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। रेलवे ने पिछले महीने इन दोनों एप्स को लॉन्च करने की घोषणा की थी।

देशहित में शुरू की अनेकों योजनाएं: गोयल
इस दौरान रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पिछले चार सालों में रेलवे और कोयला मंत्रालय ने महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देशहित में अनेकों योजनाएं बीते चार साल में शुरु की गई हैं। गोयल ने ट्वीट किया, 'देश के ढाई करोड़ लोगों को प्रतिदिन एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने वाली रेलवे ने पिछले 4 वर्षों में सुरक्षा, पूर्वोत्तर के राज्यों के बीच कनैक्टिविटी, बुलेट ट्रेन, लोकोमोटिव फैक्ट्री, विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन बनाने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं।'

शिकायत के लिए ट्रेनों में होंगे कैप्टन
ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए अब 'कैप्टन' की तैनाती की भी जा रही है। कैप्टन के हाथ में ट्रेन की सफाई और सुरक्षा जैसी यात्रियों को उपलब्ध होने वाली सभी सेवाओं की कमान होगी और ट्रेन में तैनात सभी कर्मचारियों को नियंत्रित करने का अधिकार होगा। किसी भी तरह की परेशानी पर यात्री कैप्टन से शिकायत कर सकेंगे। आने वाले एक से दो महीने में इस पर काम शुरू होने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications