पायल रोहतगी बोली गौमांस खाने से आई केरल में बाढ़, लोगों ने सुनाई खरी-खोटी
नई दिल्ली। केरल में भयंकर बाढ़ के पीछे अभिनेत्री पायल रोहतगी ने गाय को काटे जाने और उसका मांस खाए जाने को वजह बताया है। पायल ने ट्वीट कर कहा कि किसी भी धार्मिक भावनाओं को आहत किया जाएगा तो फिर भगवान इसकी सजा देगा। इस पर उन्हें ट्विटर पर काफी भला-बुरा कहा जा रहा है।

पायल ने ट्टीट किया, 'केरल में गौहत्या पर रोक नहीं है। केरलवासियों और वहां के नेताओं हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाना सही नहीं है। अगर आप ऐसा करते हैं तो फिर भगवान भी सरेआम सजा देता है। भगवान एक है और आप धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचा सकते।'
पायल के इस ट्वीट के बाद लोगों ने उनके तर्क को बकवास बताया और कहा कि दुनिया में बहुत सी जगहों पर गाय का मांस खाया जाता है और इस तरह की बातें करना बचकाना हरकत हैं। कई यूजर्स ने इसे परेशानी में रह रहे लोगों के साथ भद्दा मजाक कहा है तो कुछ ने इसे पायल की काम ना मिलने की फ्रस्ट्रेशन कहा है।
एक यूजर ने कहा कि इस तर्क के हिसाब से तो सूखा पड़ने पर महाराष्ट्र के किसानों को गौमांस खा लेना चाहिए, इससे बारिश शुरू हो जाएगी। कई यूजर ने उन्हें दिमाग का इलाज कराने तक की सलाह दे दी।
केरल में आई भयानक बाढ़ से आठ अगस्त से अब तक 265 लोगों की मौत हो चुकी है और 36 लापता हैं। विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए राज्य बड़ी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में लगा हुआ है। इस समय केरल के लोगों के सामने बाढ़ के बाद बीमारियों से खुद को बचाने की चुनौती है।












Click it and Unblock the Notifications