गुजरात: आज होगा फैसला कांग्रेस के साथ हैं या नहीं हार्दिक पटेल
अहमदाबाद। आज फैसला हो जाएगा कि हार्दिक पटेल गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ देंगे या नहीं। दरअसल आज पाटीदार आरक्षण समिति के 11 सदस्य, कांग्रेस के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी के साथ बैठक करेंगे। हालांकि समर्थन को लेकर हां या ना का ऐलान कल यानी मंगलवार को होने की संभावना है। इससे पहले 28 अक्टूबर को हार्दिक पटेल ने कांग्रेस को अल्टीमेटम दिया था। हार्दिक पटेल ने कांग्रेस को तीन नवंबर तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि कांग्रेस पाटीदारों को संवैधानिक आरक्षण कैसे देगी इसको लेकर अपना प्लान बताए। हार्दिक ने कहा था कि अगर पाटीदार समुदाय को आरक्षण के मामले पर कांग्रेस ने अपना स्टैंड क्लीयर नहीं किया तो उनका हाल भी बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की तरह होगा।

हार्दिक पटेल ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस बताएं कि वह पाटीदार को संवैधानिक आरक्षण कैसे देगी। नहीं तो सूरत में अमित शाह की सभा में जो हुआ था वैसा ही कांग्रेस साथ भी होगा। गुजरात विधान सभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में पाटीदारों को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों बीजेपी और कांग्रेस के बीच खींचतान जारी है।गौरतलब है कि साल 2015 में पाटीदारों को आरक्षण के लिए गुजरात में आंदोलन हुआ था, जिसके अगुवा हार्दिक पटेल ही थे।
आज दोपहर 2.30 बजे पाटीदार नेताओं और कांग्रेस की गुजरात इकाई के अध्यक्ष के बीच बैठक होगी।












Click it and Unblock the Notifications