Parliament Winter Session Day 1: काम नहीं आई पीएम मोदी की नसीहत, हंगामे की भेंट चढ़ा पहला दिन
Parliament Winter Session Day 1: संसद का शीतकालीन सत्र उम्मीद के मुताबिक काफी हंगामेदार रहा है। पहले ही दिन विपक्ष और सरकार के बीच तकरार सामने आ गई। राज्यसभा में बतौर उपसभापति पहुंचे सीपी राधाकृष्णन के स्वागत के मुद्दे पर ही सरकार और विपक्ष के बीच तकरार हो गई। लोकसभा में वोटर लिस्ट संशोधन (SIR) पर जमकर हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही। पीएम मोदी ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा था कि सदन चलाने में उनका सहयोग जरूरी है।
पीएम ने इस दौरान कहा था कि ड्रामा के बजाय डिलीवरी पर ध्यान देना चाहिए। हालांकि, प्रधानमंत्री के इस बयान पर विपक्षी दलों ने तीखा पलटवार किया। कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी समेत दूसरे विपक्षी दलों के सांसदों ने कहा कि सरकार चर्चा से बचना चाहती है। अखिलेश यादव ने तो यहां तक कह दिया कि पीएम पूरे देश में एसआईआर का ड्रामा कर रहे हैं।

Parliament Winter Session Day 1: पहले दिन भारी बवाल
- पीएम नरेंद्र मोदी के ड्रामा वाले बयान पर प्रियंका गांधी, मनीष तिवारी, अखिलेश यादव समेत कई अन्य सांसदों ने नाराजगी जाहिर की। विपक्षी नेताओं ने कहा कि विपक्ष के मुद्दे भी जरूरी हैं और अगर उसे उठाया जाता है, तो इसे ड्रामा नहीं कह सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Parliament Winter Session: शीतकालीन सत्र शुरू लेकिन क्या संसद चल भी पाएगी? इस चिंताजनक हकीकत ने किया परेशान
- विपक्षी दल बंगाल समेत पूरे देश में वोटर लिस्ट संशोधन मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। टीएमसी के सांसदों ने साफ कहा है कि बंगाल में केंद्र सरकार की मनमर्जी नहीं चलेगी। अखिलेश यादव ने तो स्पष्ट कह दिया है कि जब तक वोटर लिस्ट संशोधन पर चर्चा नहीं होगी, तब तक सदन नहीं चलेगा।
- विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में शीतकालीन सत्र के पहले दिन अपने चेंबर में एक अहम बैठक बुलाई. इस बैठक में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और किरेन रिजिजू मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि इसमें सदन के कामकाज को लेकर अहम रणनीति तैयार की गई है।
यह भी पढ़ें: Winter Session 2025: पीएम मोदी की नसीहत पर प्रियंका गांधी का पलटवार, 'संसद में देश के मुद्दे उठाना ड्रामा नहीं
हंगामे की भेंट चढ़ी लोकसभा की कार्यवाही
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों का हंगामा शुरू हो गया। स्पीकर ओम बिरला के शांति बनाने की अपील के बावजूद विपक्ष शांत नहीं हुआ। इसके बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। हालांकि, इसके बाद भी हंगामा नहीं रुका और 12 बजे कार्यवाही शुरू होते ही फिर से दो बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। आखिरकार जब कोई समाधान नहीं निकला, तो दो बजे सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सीपी राधाकृष्णन के स्वागत के दौरान ही बवाल
राज्यसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत करते हुए कहा कि आपकी जिंदगी सादगी और निष्ठा की मिसाल है। पीएम ने यह भी कहा कि प्रोटोकॉल से परे आपने हमेशा समाजसेवा के कामों को प्राथमिकता दी है। हालांकि, जब सदन के नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उनके स्वागत के लिए उठे तो हंगामा हो गया। दरअसल खरगे ने कहा कि पिछले उपराष्ट्रपति जी ने विपक्ष को पूरा स्थान नहीं दिया था। इसके बाद एनडीए सांसदों ने इसका कड़ा विरोध किया।
यह भी पढ़ें: Winter Session 2025: सत्र से ठीक पहले बैकफुट पर कांग्रेस, सर्वदलीय बैठक का दिखेगा असर या SIR पर संग्राम?












Click it and Unblock the Notifications