Winter Session 2023: शीतकालीन सत्र में कौन-कौन से विधेयक होंगे पेश, जानिए इनकी अहमियत
Parliament Winter Session 2023: संसद का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू हो रहा है। शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर 2023 से शुरू होकर 22 दिसंबर तक चलेगा। यह शीतकालीन सत्र बेहद खास है। मोदी सरकार के कार्यकाल का यह आखिरी शीतकालीन सत्र है। 2024 में लोकसभा का चुनाव होने से पहले आखिरी शीतकालीन सत्र में कई विधेयक पेश किए जाएंगे।
आइए आपको बताते हैं कि इस सत्र में कौन-कौन से विधेयक पेश होंगे। भारतीय न्याय संहिता विधेयक 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता विधेयक 2023 और भारतीय साक्ष्य विधेयक 2023 को पेश किए जाने की संभावना है। चर्चा है कि इन विधेयकों को सदन में पेश किए जाएंगे।

भारतीय न्याय संहिता विधेयक 2023
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 11 अगस्त 2023 को लोकसभा में भारतीय न्याय संहिता विधेयक 2023 पेश किया था। इस विधेयक को भारतीय आपराधिक न्याय प्रणाली में महत्वपूर्ण सुधार माना जा रहा है। यह महिलाओं और बच्चों को हिंसा से बचाने के लिए नए प्रावधान पेश करता है। इससे अपराध पीड़ितों को न्याय मिलना आसान हो जाता है। यह न्यायपालिका की स्वतंत्रता को मजबूत करता है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता विधेयक 2023
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता विधेयक 2023 को 11 अगस्त को लोकसभा में पेश किया था। आपराधिक प्रक्रिया संहिता को निरस्त करने और प्रतिस्थापित करने के लिए इस विधेयक को लोकसभा में पेश किया गया था। यह विधेयक यौन हिंसा से बचे लोगों के बयान की वीडियो-रिकॉर्डिंग को अनिवार्य बनाता है। यह कदम साक्ष्यों को संरक्षित करने और हेर-फेर को रोकने में सहायता करता है।
भारतीय साक्ष्य विधेयक 2023
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भारतीय साक्ष्य विधेयक 2023 को लोकसभा में पेश किया था। इसमें साक्ष्य अधिनियम की 167 धाराओं के विपरीत 170 धाराएं हैं। इन 167 धाराओं में से 23 धाराएं संशोधित की गई हैं। पांच हटाई गई हैं और एक और धारा जोड़ी गई है। यह विधेयक इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य को किसी भी उपकरण या सिस्टम द्वारा उत्पन्न या प्रसारित किसी भी जानकारी के रूप में परिभाषित करता है जो किसी भी माध्यम से संगृहीत या पुनर्प्राप्त करने में सक्षम है।












Click it and Unblock the Notifications