Sansad Mein Aaj Kya Hua: केंद्रीय मंत्री पर सांसदों ने फेंके कागज, जस्टिस वर्मा पर महाभियोग की प्रक्रिया शुरू
Sansad Mein Aaj Kya Hua: मानसून सेशन अब तक काफी धमाकेदार रहा है और दोनों सदनों में विपक्षी सांसद जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को भी बिहार में SIR प्रक्रिया और वोटों में हुई कथित गड़बड़ी के दावों को आधार बनाकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। विपक्षी दलों के हंगामे की वजह से संसद की कार्यवाही बाधित भी होती रही। हालांकि, शोर-शराबे और हंगामे के बावजूद कई अहम बिल पास कराए जा सके।
इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा को पद से हटाने के लिए महाभियोग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोकसकभा स्पीकर ओम बिरला ने इस मामले में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। दोनों सदनों में लगातार विपक्षी सांसदों का हंगामा होता रहा, जिसकी वजह से कार्यवाही बीच-बीच में रोकनी भी पड़ी।

Sansad Mein Aaj Kya Hua: केंद्रीय मंत्री पर फेंके कागज
खान मंत्री जी किशन रेड्डी जब खान एवं खनिज संशोधन विधेयक पर हुई संक्षिप्त चर्चा का जवाब दे रहे थे, उनकी तरफ कागज उछाले गए। पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने इस पर नाराजगी जाहिर की। मंत्री खुद भी हैरान रह गए, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और अपना जवाब पढ़कर सुनाया।
खान एवं खनिज विधेयक हुआ पास
लोकसभा से खान एवं खनिज विधेयक पास हो गया। बिल के पक्ष में बोलते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस बिल के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा। बीजेपी सांसद मालविका देवी ने खान एवं खनिज संशोधन बिल पर चर्चा की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि इस बिल से देश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को रफ्तार मिलेगी।
यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले बिहार को विशेष दर्जे की मांग पर तकरार, तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर लगाया साजिश का आरोप
Sports Bill राज्यसभा से भी पास
नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल लोकसभा के बाद राज्यसभा से भी पास हो गया है। पीटी ऊषा ने इस पर बोलते हुए कहा कि 1985 से इस बिल का इंतजार देश के खिलाड़ी कर रहे थे। इस बिल के पास होने से देश खेलों में एक नई ताकत बनकर उभरेगा। उन्होंने बिल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री मनसुख मंडाविया की तारीफ करते हुए कहा कि देश का हर खिलाड़ी आज आपको धन्यवाद कह रहा है।
Bihar SIR पर प्रदर्शन कर रहीं महुआ मोइत्रा पर भड़के जगदंबिका पाल
बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन मुद्दे पर विपक्षी सांसदों के हंगामे की वजह से लोकसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी थी। शाम 4 बजे कार्यवाही जब फिर से शुरू हुई, तो महुआ मोइत्रा समेत कई सांसद वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। जगदंबिका पाल के आसन पर आते ही विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर भड़के जगदंबिका पाल ने महुआ मोइत्रा का नाम लेकर कहा कि अभी कार्यवाही शुरू नहीं हुई, और आप वेल में आ गईं हैं। आपको देश ने इसके लिए नहीं भेजा है, सीट पर जाइए।
एंटी डोपिंग बिल राज्यसभा में पेश
राज्यसभा की कार्यवाही हंगामे के बाद 3 बजे फिर से शुरू हुई। आसन पर डॉक्टर सस्मित पात्रा थे और उन्होंने नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल और एंटी डोपिंग बिल पर एकसाथ चर्चा किए जाने की अनुमति दी। खेल मंत्री डॉक्टर मनसुख मंडाविया से इन्हें पेश करने के साथ जैसे ही बोलना शुरू किया, तो विपक्षी दलों के सांसद हंगामा करने लगे। इस पर उन्होंने कहा कि यह बिल देश के खिलाड़ियों के लिए है, क्या आप लोग नहीं चाहते कि उनका कल्याण हो?
यह भी पढ़ें: Bihar SIR पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट में EC की दलील, 'इतनी बड़ी प्रक्रिया में कुछ गलतियां रह सकती हैं'
राज्यसभा में नियम 267 के तहत 27 नोटिस
राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही उपसभापति हरिवंश ने कहा कि नियम 267 के तहत 27 नोटिस मिले हैं, जो चार अलग-अलग मुद्दों पर हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से कोई भी नियमों के अनुरूप नहीं है और इसलिए किसी भी नोटिस को अनुमति नहीं दी जा सकती है।
विपक्षी सांसदों ने सरकार पर लगाया तानाशाही का आरोप
दोनों सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि ये संसद है, जिमखाना नहीं. सरकार कौन सी भाषा बोल रही है। राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि चर्चा हो, लेकिन सरकार की मनमानी है कि वह विपक्षी सांसदों के बिना ही बिल पास कर रही है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सरकार बताए कि आखिर साफ-सुथरे वोटर लिस्ट की मांग करना कहां से गलत हो गया?
यह भी पढ़ें: Monsoon Session: राज्यसभा में भी नहीं होगी Bihar SIR पर चर्चा, उपसभापति हरिवंश ने गिनाए ये कारण












Click it and Unblock the Notifications