Monsoon Session: राज्यसभा में भी नहीं होगी Bihar SIR पर चर्चा, उपसभापति हरिवंश ने गिनाए ये कारण
Monsoon Session Bihar SIR: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में वोटर लिस्ट संशोधन (SIR) का मुद्दा छाया हुआ है। कांग्रेस, आरजेडी समेत कई अन्य विपक्षी पार्टियां इसका जोरदार विरोध कर रही हैं। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने प्रक्रिया पर रोक लगाने के आदेश से इनकार कर दिया है। इधर लोकसभा में इस पर चर्चा से इनकार करते हुए स्पीकर ओम बिड़ला ने कहा था कि यह चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र का मामला है। राज्यसभा में SIR पर चर्चा के लिए आरजेडी सांसद मनोज झा ने स्थगन प्रस्ताव दिया था।
हालांकि, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने चर्चा से इनकार करते हुए कहा कि यह सदन के अधिकार क्षेत्र के दायरे में नहीं आता है। उपसभापति ने कहा कि चुनाव आयोग संवैधानिक ईकाई है और संसद में उसके कामकाज पर चर्चा नहीं हो सकती है। हालांकि, दोनों ही सदनों में बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ।

Bihar SIR पर चर्चा के लिए RJD सांसद ने दिया था नोटिस
राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही उपसभापति हरिवंश ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सदस्य प्रोफेसर मनोज कुमार झा और अन्य सदस्यों की ओर से बिहार एसआईआर पर चर्चा की मांग के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। इनमें से किसी भी नोटिस को स्वीकार नहीं किया जाता है। इसके बाद आरजेडी सांसद प्रोफेसर मनोज झा अपनी जगह पर खड़े हो गए और उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में गंभीर खामी है। उन्होंने कहा, 'सर, यह मतदाताओं के बुनियादी अधिकार की बात है। इस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।'
यह भी पढ़ें: 'PM की छाती 56 से 36 हो जाती है'बिहार में SIR पर बवाल,Op सिंदूर पर बोलते हुए कल्याण बनर्जी ने बोला BJP पर हमला
बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन पर जमकर हो रहा हंगामा
इस पर डिप्टी चेयरमैन हरिवंश ने कहा कि यह जीरो आवर है और इसमें चर्चा नहीं हो सकती। हालांकि, इसके बाद भी जब प्रोफेसर झा नहीं बैठे, तो उन्होंने उन्हें बोलने की अनुमति दी। हालांकि, डिप्टी चेयरमैन ने स्पष्ट कर दिया कि चुनाव आयोग संवैधानिक ईकाई है। उनके नियमित कामकाज या कार्यप्रणाली पर चर्चा नहीं हो सकती है। बता दें कि मानसून सत्र की शुरुआत से ही संसद में बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन के मुद्दे पर जमकर हंगामा हो रहा है। राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि वोटों की चोरी हो रही है और चुनाव आयोग ने अपनी आंखें बंद कर ली हैं।
यह भी पढ़ें: Bihar SIR: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, वोटर लिस्ट पब्लिशिंग पर रोक नहीं, आधार और वोटर ID पर विचार करने को कहा












Click it and Unblock the Notifications