मुंबई के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने अर्नब गोस्वामी के खिलाफ मानहानि का केस लिया वापस
अर्नब गोस्वामी के खिलाफ मानहानि के केस को मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने वापस ले लिया है। मुंबई के सेशन कोर्ट ने उनकी इस याचिका को स्वीकार कर लिया है।

Arnab Goswami: अर्नब गोस्वामी और उनके टीवी चैनल एआरजी आउटलायर्स मीडिया (रिपब्लिक टीवी) के खिलाफ मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने मानहानि का केस दर्ज किया था। लेकिन अब उन्होंने इस मानहानि के दावे को वापस लेने के लिए याचिका दायर की थी, जिसे मुंबई की सेशन कोर्ट ने अनुमति दे दी है। गौर करने वाली बात है कि परमबीर सिंह ने 2020 में अर्नब गोस्वामी और उनके टीवी चैनल के खिलाफ 90 लाख रुपए और हर साल 12 फीसदी की ब्याज दर से मानहानि का दावा किया था। उन्होंने अपनी याचिका में कहा था कि अर्नब गोस्वामी और उनके न्यूज चैनल ने उनकी छवि को गलत तरह से पेश किया।
अडिशनल सेशन जज वीडी केदार ने बुधवार को परमबीर सिंह को अपनी मानहानि की याचिका को वापस लेने की अनुमति दे दी है लेकिन इसके साथ ही उनपर 1500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। कोर्ट ने कहा कि उनके इस मानहानि के केस दायर करने की वजह से वादी को एडवोकेट की सेवा लेनी पड़ी, मुझे लगता है कि वकील की फीस का उन्हें बिना किसी शर्त वहन करना चाहिए। वहीं अर्णब गोस्वामी के वकील की ओर से कहा कि हमे इस बात में कोई दिक्कत नहीं है कि अगर वह अपना मानहानि का केस वापस लेना चाहते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं सोचना चाहिए कि हमने समझौता किया है। कई बार ये लोग इस तरह से चीजों को दिखाते हैं कि मामले को कोर्ट से बाहर सुलझा लिया गया है।
परमबीर सिंह के वकील ने कहा कि हमारी याचिका में यह नहीं कहा गया है कि हमने मामले को कोर्ट के बाहर सुलझा लिया है, हमे नहीं पता है कि ये लोग इस बात को कहां से लेकर आए हैं। मानहानि केस पर अर्नब गोस्वामी की ओर से कहा गया था कि यह पूरा केस निराधार है, यह पूरा मामला निराधार है। वहीं अर्नब गोस्वामी के वकील ने कोर्ट के बाहर कहा कि हमने किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया है।












Click it and Unblock the Notifications