पाकिस्तानी लड़के ने गलती से पार की LoC, सेना ने नए कपड़े और मिठाई देकर भेजा वापस
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में बॉर्डर पार करके एक पाकिस्तानी नाबालिग लड़का भारतीय सीमा में घुस आया, जिसके बाद इंडियन आर्मी ने उसे मिठाई का डिब्बा देकर वापस भेज दिया। लाइन ऑफ कंट्रोल पार करके जो लड़का भारतीय सीमा में घुस आया, उसकी पहचान 11 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल्ला के नाम से की गई। इंडियन आर्मी ने नए कपड़ों और मिठाई के एक डिब्बे के साथ अब्दुल्ला को पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंप दिया।

पाकिस्तान के इस नागरिक को पुंछ जिले के देग्वार क्षेत्र से 24 जून को हिरासत में ले लिया था, जिसके बाद उसे जम्मू कश्मीर पुलिस को सौंप दिया गया। प्रवक्ता ने कहा, 'अब्दुल्ला को उसकी युवा उम्र के कारण मानवतावादी आधार को देखते हुए और भारत-पाकिस्तान के बीच सद्भावना संकेत को ध्यान में रखते हुए उसे वापस भेज दिया।
हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद उसे चाकन दा बाग क्रॉसिंग पर पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंप दिया। प्रवक्ता ने कहा कि इंडियन आर्मी एक मानवीय सेना होने के नाते अपने सिद्धांतों पर खड़ी रहती है और निर्दोष नागरिकों से निपटने के दौरान संवेदनशीलता बरकरार रखती है।
हाल ही में दोनों ही देशों ने गलती से सीमा पार करने वाले मछुआरों के खिलाफ सख्ती से नहीं निपटने के लिए भी वार्ता की थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दोनों देशों के बीच तीन श्रेणी के कैदियों के खिलाफ सख्ती से नहीं निपटने के लिए सहमति जताई थी, जिसमें महिला, दिव्यांग और 70 साल से ज्यादा की उम्र वाले लोग शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications