'बहुत खुश हूं 3 साल बाद घर वापस लौटकर', दिवाली पर्व पर पाकिस्तान जेल से 80 भारतीय मछुआरे रिहा
पाकिस्तान सरकार ने शुक्रवार को 80 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया। इन सभी मछुआरों को अल्लामा इकबाल एक्सप्रेस ट्रेन से भारत लाया गया। भारतीय सेना के अधिकारियों ने पंजाब के अमृतसर में अटारी-वाघा सीमा पर मछुआरों का स्वागत किया। बताया जा रहा है कि सभी मछुआरे मछली पकड़ने के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के बाद पाकिस्तान द्वारा गिरफ्तार कर लिए गए थे।
रिहा किए गए मछुआरों ने बताया कि वे मछली पकड़ने के दौरान गलती से पाकिस्तान की सीमा पार कर गए थे। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान की जेलों में बंद अन्य भारतीय मछुआरों को भी रिहा कराने का आग्रह किया है।

अन्य भारतीयों को पाकिस्तान की जेल से रिहा कराने का आग्रह
एक मछुआरे ने कहा कि हम तूफान के बीच गलती से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए। हम तीन साल तक जेल में थे। हम कुल 12 लोग हैं और अब सभी वापस आ गए हैं। उन्होंने कहा कि जेल में 184 अन्य लोग हैं। मैं सरकार से उन्हें भी वापस लाने का आग्रह करना चाहूंगा। उनमें से कई बीमार हैं और अन्य समस्याओं से भी जूझ रहे हैं।
एक अन्य मछुआरे ने कहा कि हमें पता ही नहीं चला कि हम कब सीमा पार कर गए। पाकिस्तानी नौसेना आई और हमें गिरफ्तार कर लिया। लगभग 3 साल, 3 महीने बाद मैं आया हूं। मैं सरकार से हमारी नौकाओं को छुड़ाने का भी आग्रह करूंगा। वे बहुत महंगी हैं। एक अन्य मछुआरे ने कहा कि हम बहुत खुश हैं कि हम घर वापस लौट रहे हैं। जेल में अन्य लोग भी हैं, उन्हें भी रिहा किया जाना चाहिए। हमारी नावें बहुत महंगी हैं और हमारी आजीविका का स्रोत हैं, इसे वापस किया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications