महबूबा के हमले पर पाक उच्चायुक्त का बयान, हम कश्मीर पर चर्चा को तैयार
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में बिगड़े हालात को लेकर वहां की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पाकिस्तान को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस बीच पाकिस्तान की ओर से भी जवाब दिया गया है।

अब्दुल बाशित ने रखा पाकिस्तान का पक्ष
पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बाशित ने कहा कि पाकिस्तान लगातार भारत से बातचीत आगे बढ़ाने की कवायद कर रहा है। हमने इसके लिए कदम भी बढ़ाया लेकिन ये कवायद पूरी नहीं हो सकी।
अब्दुल बाशित ने कहा कि हमने कश्मीर मुद्दे पर चर्चा के लिए भारत के पास न्यौता भेजा था लेकिन वह इस मुद्दे पर आगे बढ़े ही नहीं। जिसकी वजह से बातचीत का रास्ता नहीं खुला।
घाटी में बिगड़े हालात के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान कश्मीर के युवाओं को भड़का रहा है। उसे कश्मीरी युवाओं को उकसाना बंद करना चाहिए।
पाकिस्तान बातचीत के लिए हमेशा तैयार: बाशित
इतना ही नहीं महबूबा मुफ्ती ने आगे कहा कि भारत की ओर से कई बार पाकिस्तान को बातचीत का मौका दिया गया। जिससे दोनों देशों के बीच वार्ता का रास्ता जारी रहे लेकिन कश्मीर में जिसतरह के हालात हैं उसमें पाकिस्तान का बड़ा योगदान है।
महबूबा ने दो टूक शब्दों में कहा कि कश्मीर के हालात को देखते हुए पाकिस्तान ने बातचीत का मौका गंवा दिया है। महबूबा मुफ्ती के बयान पर अब्दुल बाशित ने कहा कि ये उनकी सोच है। पाकिस्तान हमेशा भारत से बातचीत के पक्ष में है।
बता दें कि घाटी में बिगड़े हालात के बीच जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी कश्मीर के हालात से दुखी हैं। उन्होंने इस मुद्दे के हल के लिए हरसंभव सहयोग की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications