नरेंद्र मोदी के इंटरव्यू के बाद पाक की प्रतिक्रिया, नरेंद्र मोदी दूर रहें उसके अंदरूनी मसलों से

नरेंद्र मोदी से जब पूछा गया कि चुनावों के बाद वह पाकिस्तान के साथ बातचीत को किस तरह से आगे बढ़ाएंगे तो उन्होंने जवाब दिया, 'बम, बंदूक और पिस्तौल की आवाज में कोई आवाज नहीं सुनाई देती है।'
मोदी के इस जवाब से साफ था कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार से आतंकवाद पर लगाम नहीं लगाता है तब तक भारत उसके साथ किसी भी तरह की बातचीत में शामिल नहीं होगा।
शुक्रवार को पाकिस्तान की ओर से मोदी के इस बयान पर प्रतिक्रिया आई। पाक की ओर से कहा गया है कि अगर पाकिस्तान को यह नसीहत दी जा रही है तो फिर भारत भी इसे बेहतरी से समझे और इस पर अमल करे।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) की ओर से कहा गया है कि न सिर्फ भारत बल्कि पाक भी आतंकवाद की समस्या का सामना कर रहा है। बेहतर होगा कि वह भी सीमा पार से जारी आतंकवाद को रोकने और इस पर लगाम लगाने पर अमल करे और सख्ती के साथ काम करे।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग पाक की सत्ताधारी पार्टी है और इसके अध्यक्ष नवाज शरीफ इस समय पाक के प्रधानमंत्री हैं।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग के मुताबिक उसे पूरी उम्मीद है कि नरेंद्र मोदी अगर देश के पीएम बनते हैं तो फिर वह पाक के अंदरूनी मसलों में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। यह पहली बार नहीं है जब पाक की सत्ताधारी पार्टी की ओर से नरेंद्र मोदी के किसी बयान पर इस तरह की कोई प्रतिक्रिया आई है। इससे पहले भी पाक कुछ मुद्दों पर अपनी राय जाहिर कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications