बौखलाहट में बॉर्डर पर वॉर एक्सरसाइज कर रही है पाक सेना, नाम रखा है ''डेजर्ट वॉर गेम''
नई दिल्ली। उरी आतंकी हमले के बाद भारत के चौतरफा दबाव से पाकिस्तान बौखला गया है। पाकिस्तान ने भारत का तेवर भांप लिया है और खतरे की आशंका देखते हुए सीमा पर सैन्य अभ्यास शुरु कर दिया है। अंग्रेजी अखबर टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक राजस्थान से सटी भारत-पाक इंटरनेशनल बॉर्डर पर पाकिस्तान की सेना और वायु सेना संयुक्त सैन्य अभ्यास कर रहे हैं।

इस अभ्यास में पाकिस्तानी सेना के 15 हजार जवान और वायु सेना के 300 जवान शामिल हुए है। यह अभ्यास 30 सितंबर तक चलेगा। पाकिस्तान ने इस सैन्य अभ्यास को ''डेजर्ट वॉर गेम एक्सरसाइज का नाम दिया है। अखबार के मुताबिक एक्सरसाइज जैसलमेर से लगती इंटरनेशनल सीमा से सिर्फ 15 किमी की दूरी पर चल रहा है।
हाई अलर्ट पर BSF
पाकिस्तान के इस सैन्य अभ्यास को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने अपनी सर्तकता बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी सेना की गाडि़यां, टैंको और लड़ाकू विमानों की आवाज भारत में सुनाई दे रही है। इन सबके मद्देनजर बीएसएफ के जवान लगातार सीमा पर गश्त कर रहे हैं।
हौसला अफजाई करने पहुंच रहे हैं पाकिस्तानी अधिकारी
टीओआई के मुताबिक इस युद्धाभ्यास में अपने सैनिकों का हौसला अफजाई करने और इस एक्सरसाइज में हिस्सा लेने पाकिस्तानी सेना के कई बड़े अधिकारी पहुंच रहे हैं। ऐसे में यह एक्सरसाइज हर मायने में काफी महत्वपूर्ण समझी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications