विदेश में संपत्ति वाले दावे पर पी चिदंबरम के परिवार का पलटवार, कहा- पब्लिक करें सबूत
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मामले में कांग्रेस के नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की मुश्किल दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। पी चिदंबरम की गिरफ्तारी के बाद अब उनके परिवार की ओर से एक बयान जारी किया गया है। परिवार की ओर से कहा गया है हम सरकार को चुनौती देते हैं कि वो देश से बाहर होने वाले उनके बैंक खातों और संपत्तियों से संबंधित डॉक्यूमेंट पब्लिक किया जाए। परिवार ने कहा है कि हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि अंत में जीत सत्य की ही होगी।

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम की सीबीआई रिमांड सोमवार को रोज एवन्यू कोर्ट ने चार दिन के लिए और बढ़ा दी है। आईएनएक्स मीडिया मामले में गिरफ्तार चिदंबरम को अब 30 अगस्त को विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत में सीबीआई ने दलील दी कि चिदंबरम का आमना-सामना इस केस के दूसरे आरोपियों से कराया जाएगा, लिहाजा उन्हें 5 दिन की रिमांड चाहिए। इस पर कोर्ट ने चिदंबरम की रिमांड 4 दिनों के लिए बढ़ा दी। चिदंबरम के वकील कपिल सिब्बल ने उनकी रिमांड बढ़ाए जाने का विरोध किया लेकिन अदालत ने सीबीआई की दलील को मानते हुए रिमांड बढ़ा दी।
सीबीआई की विशेष अदालत ने चिदंबरम की रिमांड बढ़ाने का आदेश देते हुए उनको अपने वकील और परिवार के सदस्यों से रोजाना आधे घंटे के लिए मिलने की छूट दी है। 48 घंटे बाद चिदंबरम का मेडिकल टेस्ट भी होने की बात कही गई थी। बीते हफ्ते गुरुवार को सीबीआई ने उनको अदालत में पेश किया था। जहां से उन्हें 26 अगस्त तक के लिए रिमांड पर भेजा गया था, जिसे आज 30 अगस्त तक के लिए बढ़ाया गया है।
यह भी पढ़ें- INX मीडिया केस: अदालत ने चार दिन और बढ़ाई पी चिदंबरम की सीबीआई रिमांड


Click it and Unblock the Notifications
