चिदंबरम ने मोदी को गिनाए नेहरू-गांधी परिवार से अलग 15 कांग्रेस अध्यक्षों के नाम, कहा- राफेल, आरबीआई, सीबीआई पर भी करें बात
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेहरू-गांधी परिवार के अलावा पार्टी के अध्यक्ष बने 15 नेताओं के नाम गिनाए। नाम गिनाते हुए चिदंबरम ने मोदी की याद्दाश्त पर भी सवाल उठाए। एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कांग्रेस को सिर्फ एक परिवार की पार्टी बताने और राहुल गांधी को अपने परिवार से बाहर किसी को अध्यक्ष बनाए जाने की चुनौती पर चिदंबरम ने ये नाम गिनाए हैं।

चिदंबरम ने गिनाए नाम
कांग्रेस नेता चिदंबरम ने मोदी को उनके बयान के लिए निशाने पर लेते हुए शनिवार को कई ट्वीट किए हैं। उन्होंने लिखा, प्रधानमंत्री मोदी की याददाश्त के लिए आजादी के बाद कांग्रेस अध्यक्षों बने कांग्रेस अध्यक्षों में- आचार्य कृपलानी, पट्टाभी सीतारमैया, पुरुषोत्तमदास टंडन, यूएन धेबर, संजीव रेड्डी, संजीवैया, कामराज, निजलिंगप्पा, सी सुब्रमण्यम, जगजीवन राम, शंकर दयाल शर्मा, डीके बरुआ, ब्रह्मानंद रेड्डी, पीवी नरसिम्हा राव और सीताराम केसरी भी शामिल हैं।

कांग्रेस अध्यक्षों के बाद जीएसटी, राफेल पर बात करें
एक और ट्वीट में चिदंबरम ने कहा, हम आभारी हैं कि प्रधानमंत्री कांग्रेस अध्यक्ष किसे निर्वाचित किया गया है, इसको लेकर फिक्रमंद है और इस पर काफी बात वो कर रहे हैं, क्या वे नोटबंदी, जीएसटी, राफेल और आरबीआई के बारे में भी बात करेंगे।

छत्तीसगढ़ में ये बोले थे मोदी
शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक रैली में मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वो मुझसे हिसाब मांगते हैं लेकिन उनका परिवार चार पीढ़ियों से राज कर रहा है, उसका हिसाब नहीं देते। मोदी ने कहा, कांग्रेस वाले अभी तक आंसू बहाते हैं कि चाय वाला देश का प्रधानमंत्री कैसे बन गया। जब आप लोकतंत्र को नहीं समझोगे तो चाय वाले को गाली देते रहोगे। कह रहे हैं कि नेहरू की वजह से एक चायवाला देश का प्रधानमंत्री बना, तो एक बार 5 साल के लिए अपने परिवार के बाहर से किसी नेता को पार्टी का अध्यक्ष बनाकर दिखा दो।












Click it and Unblock the Notifications