INX Media केस में गिरफ्तार चिदंबरम की बढ़ सकती है मुश्किल, ईडी ने खोले कई और मामले
नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद और पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम को बुधवार रात सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। आईएनक्स मीडिया केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई है। सीबाआई उनसे पूछताछ कर रही है। गुरुवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। ये मामला काफी दिन से चल रहा है। अभी तक चिदंबरम को कोर्ट से राहत मिली हुई थी। मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत की अपील खारिज होने के बाद चिदंबरम की गिरफ्तारी हुई है। ये अकेला मामला नहीं है जिसका चिदंबरम सामना कर रहे हैं। कई और मामलों में भी जांच एजेंसियां उनकी भूमिका की जांच कर रही हैं। ऐसे में आने वाले वक्त में उनके लिए फिर मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

कंपनियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाने का आरोप
चिदंबरम के ऊपर सिर्फ आईएनएक्स मीडिया और एयरसेल मैक्सिस के मामले ही नहीं चल रहे हैं। ईडी चार दूसरे मामले भी देख रही है। इसमें वित्तमंत्री रहते हुए पी चिदंबरम के 4 कंपनियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाने का भी एक मामला है। जिसमें चिदंबरम के रोल की जांच ईडी कर रही है। पी चिदंबरम और कार्ति चिदंबरम के आवास और दफ्तर से इन मामलों से जुड़े कई दस्तावेज सीज किए गए हैं।

कार्ति और पी चिदंबरम जांच के दायरे में
ईडी डियागो स्कॉटलैंड, कटारा होल्डिंग्स, एस्सार स्टील लिमिटेड और एलफोर्ज लिमिटेड को फायदा पहुंचाने में पी चिदंबरम के रोल को ईडी खंगाल रही है। इन कंपनियों को गलत तरीके से एफआईपीबी का अप्रूवल दिया गया, इसकी जांच की जा रही है। इन कंपनियों में उनके बेटे कार्ति के शामिल होने की भी जांच हो रही है। ईडी ने कहा है कि एक शेल कंपनी के शेयर होल्डर्स और डायरेक्टर्स ने सारे शेयर्स पी चिदंबरम की पोती के नाम किए। शेयर होल्डिंग ट्रांसफर के वसीयत में मुख्त तौर पर कार्ति चिदंबरम का नाम था।

कार्ति और पी चिदंबरम ने कहा, ये सब बदले की कार्रवाई
इस पूरे मामले पर बुधवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पी चिदंबरम ने कहा कि उनके खिलाफ ना कोई सबूत है और ना ही उन्होंने कुछ गलत किया है। जो कुछ हो रहा है वो सत्तापक्ष के इशारे पर हो रहा है। उनके बेटे, सांसद कार्ति चिदंबरम का कहना है कि उनके पिता के खिलाफ गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका और उनके पिता का कोई रोल किसी भ्रष्टाचार में नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications