दिल्ली समेत इन सभी राज्यों को मिली ऑक्सीजन एक्सप्रेस, केजरीवाल ने पीएम मोदी से की थी मांग
नई दिल्ली, 23 अप्रैल: देश के कई राज्य कोरोना पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए इस वक्त ऑक्सीजन की भारी किल्लत से जूझ रहे है। देश के कुछ पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में ऑक्सीजन का पर्याप्त उत्पादन हो रहा है, लेकिन वह समय पर दिल्ली, यूपी, एमपी जैसे राज्यों तक नहीं पहुंच पा रही है। इसकी वजह ये है कि एक तो ढुलाई के लिए क्रायोजेनिक टैंकर उतनी मात्रा में उपलब्ध नहीं है और दूसरी बात कि सड़क मार्ग से ऑक्सीजन लाने और फिर खाली टैंकर ले जाने में ही बहुत कीमती वक्त निकल जा रहा है। ऐसे में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक मीटिंग में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनसे राजधानी के अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए खास इंतजाम करने की गुजारिश की थी। अब रेलवे बोर्ड ने जो ऐलान किया है, वह दिल्ली के अलावा और भी राज्यों के लिए बहुत बड़ी राहत की खबर साबित हो सकती है।

दिल्ली-यूपी-एमपी को भी दी गई ऑक्सजीन एक्सप्रेस-रेलवे
मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक के कुछ देर बाद ही रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सुनीत शर्मा का एक बेहद महत्वपूर्ण बयान आया। उन्होंने कहा है कि, "आंध्र प्रदेश, यूपी, एमपी और दिल्ली को भी मेडिकल ऑक्सीजन के ट्रांसपोर्ट के लिए ट्रेन उपलब्ध कराई गई हैं।" इससे पहले कोविड से सबसे ज्यादा प्रभावित 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल मीटिंग में दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी से कहा था कि या तो दिल्ली को विमानों से ऑक्सीजन पहुंचाया जाए या फिर यह 'आपकी ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों की आइडिया' से उपलब्ध हो सकती है। इसपर पीएम ने उनसे कहा था कि यह आइडिया नहीं है, ऐसी ट्रेनें चल रही हैं। इसपर केजरीवाल ने मांग की थी कि 'अगर दिल्ली के लिए एक कॉरिडोर उपलब्ध करवा दी जाए तो हम आपके बहुत अधिक आभारी रहेंगे। मुझे पता चला है कि 2-3 जगहों पर आपकी दखल से यह हो पाया है।'
Recommended Video

कई मरीजों की 'लाइफलाइन' बनेगी ऑक्सीजन एक्स्प्रेस
इस बीच झारखंड के बोकारो से एक ऑक्सीजन एक्सप्रेस लखनऊ रवाना हो चुकी है। इस ट्रेन के जरिए कुल तीन क्रायोजेनिक टैंकर में मेडिकल ऑक्सीजन लखनऊ भेजी गई है। इन तीनों ट्रकों में करीब 50 टन लिक्विड ऑक्सीजन है, जिसे बोकारो प्लांट में महज 4 घंटे में ही भर दिया गया। यहां से यूपी के अलावा, एमपी, छत्तीसगढ़, बिहार और बंगाल में भी सप्लाई हो रही है। उधर गुरुवार को देर शाम आंध्र प्रदेश के विशाखापटनम से महाराष्ट्र के अस्पतालों के लिए पहली ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हो गई था। ये ट्रेन राष्ट्रीय इस्पात निगम से मेडिकल ऑक्सीजन लेकर महाराष्ट्र गई है। गुरुवार को सुबह ही सात खाली टैंकर लेकर यह ट्रेन वहां पहुंची थी और शाम को वहां से निकल गई। इसके हर टैंकर में 15 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन लोड की गई है। इस ट्रेन का वीडियो ट्विटर पर डालकर रेल मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा कि 'इस मुश्किल समय में भी रेलवे आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई करके राष्ट्र की सेवा में लगा हुआ है और सभी नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए नए खोज कर रहा है।'

एयरफोर्स के विमानों से भेजे जा रहे खाली टैंकर
इस बीच जल्द से जल्द ऑक्सीजन सप्लाई के काम में वायुसेना भी जुट गई है। एयरफोर्स के विमानों से लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन से भरे टैंकरों को ढोना संभव नहीं है, इसलिए ये सिर्फ खाली टैंकर ऑक्सीजन प्लांट तक पहुंचाने में जुटे हैं, ताकि एक तरफ का अनमोल समय बच जाए। वायुसेना ने इसके लिए अपने सी 17 और आईएल 76 विमानों को लगाया है। सी 17 में दो बड़े ऑक्सीजन कंटेनर और आईएल 76 में एक खाली टैंकर को बंगाल के पन्नागढ़ पहुंचाया गया है। वहां से ऑक्सीजन की ये सप्लाई दिल्ली को होनी है।












Click it and Unblock the Notifications