कर्नाटक में ऑक्सीजन संकट, कलबुर्गी और बेलगावी के सरकारी अस्पताल में 7 मरीजों की मौत
बेंगलुरु, 5 मई। कोरोना की दूसरी लहर के चलते जारी ऑक्सीजन संकटन मंगलवार को कर्नाटक के कुछ हिस्सों में काफी गहरा हो गया। राज्य के कलबुर्गी और बेलगावी जिले में कथित रूप से ऑक्सीजन की कमी के कारण सात कोविड-19 रोगियों की मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक कलबुर्गी के सरकारी अस्पताल में मंगलवार सुबह चार और बेलगावी सरकारी अस्पताल में तीन लोगों की ऑक्सीजन की कमी के कारण मौत हो गई। हालांकि कलबुर्गी जिले के प्रभारी मंत्री मुरुगेश निरानी ने ऑक्सीजन की कमी की बात को खारिज किया है और कहा है कि जिनकी मौत हुई है उन लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण काफी बढ़ गया था।

ये घटना ऐसे समय में सामने आई है जब पिछले दो दिनों में राज्य के चामराजनगर जिला अस्पताल में कथित तौर पर ऑक्सीजन की कमी के 24 कोरोना रोगियों की मौत हो गई। विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को चामराजनगर जिला अस्पताल का दौरा किया जिसके बाद उन्होंने दावा किया कि रविवार सुबह से सोमवार सुबह तक अस्पताल में 28 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने इन मौतों के लिए शासन के बुरे प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया था और इस दुर्वयवस्था के लिए स्वास्थ्य मंत्री डीके सुधारकर के इस्तीफे की मांग की थी।
मंत्री को मिली जिम्मेदारी
ऑक्सीजन की कमी की घटनाओं को मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने गंभीरता से लिया है। सीएम येदियुरप्पा ने मंगलवार को मंत्री जगदीश शेट्टार को ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था करने और केंद्र सरकार के साथ समन्वय करके राज्य को ऑक्सीजन का कोटा दिलाने का काम सौंपा है।
इस बीच बेंगलुरु में कुछ अस्पतालों ने चेतावनी जारी की है कि उनके पास थोड़े ही समय का ऑक्सीजन बचा हुआ है। चैतन्य चिकित्सा केंद्र के एक अधिकारी ने कहा कि सोमवार को ऑक्सीजन की कमी के चलते उन्हें अपने सभी कोविड रोगियों को दूसरे अस्पतालों में भर्ती करना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications