आधे घंटे तक ममता की फ्लाइट को एयरपोर्ट पर उतरने नहीं दिया: TMC
तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले में आरोप लगाया कि फ्लाइट की लैंडिंग नहीं कराके ममता बनर्जी को मारने की साजिश रची गई थी।
नई दिल्ली। नोटबंदी पर संसद में जारी घमासान के बीच लोकसभा में ममता बनर्जी के फ्लाइट लैंडिंग का मुद्दा उठा। इस पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने सरकार को घेरने की कोशिश की। हालांकि सरकार ने पूरे मामले की जांच का ऐलान किया है।

टीएमसी ने उठाया फ्लाइट लैंडिंग का मामला
पूरा मामला बुधवार शाम का है जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पटना से इंडिगो की फ्लाइट पकड़ी थी। ममता इस फ्लाइट से कोलकाता जा रही थी।
बताया जा रहा है कि इंडिगो की फ्लाइट में ईंधन कम था। बावजूद इसके करीब आधे घंटे तक फ्लाइट को एयरपोर्ट पर उतरने नहीं दिया गया।
तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले में आरोप लगाया कि फ्लाइट की लैंडिंग नहीं कराके ममता बनर्जी को मारने की साजिश रची गई थी। कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी लोकसभा में इस मुद्दे को उठाया।
ईंधन कम होने पर भी फ्लाइट लैंडिंग में हुई देरी: TMC
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जब फ्लाइट में ईंधन कम था तो एटीसी की ड्यूटी थी कि ममता बनर्जी की फ्लाइट को लैंडिंग का आदेश दिया जाना चाहिए था। ऐसे में उनकी जान को खतरा हो सकता था।
ममता बनर्जी के फ्लाइट लैंडिंग मामले पर टीएमसी और कांग्रेस के हमलों के बाद सरकार का पक्ष आया। सरकार ने कहा कि फ्लाइट की लैंडिंग विवाद को लेकर डीजीसीए ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
सिविल एविएशन मिनिस्ट अशोक गजपति राजू ने लोकसभा में इस बात की जानकारी दी। उन्होंने उन आरोपों से भी इंकार किया जिसमें कहा गया था कि इंडिगो की फ्लाइट को लैंडिंग से 30 से 40 मिनट तक हवा में रहना पड़ा।
सरकार ने कही जांच की बात
इसके साथ-साथ केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एक साथ तीन फ्लाइट में कम ईंधन की शिकायत आई थी। इसकी जांच का आदेश भी दिया गया है कि आखिर तीन विमानों में एक साथ ईंधन कैसे कम हो गए?
विमान राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा कि फिलहाल डीजीसीए ने जांच के आदेश दिए हैं। फ्लाइट की लैंडिंग को लेकर चूक करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि फ्लाइट लैंडिंग का मामला गंभीर है। ममता बनर्जी और फ्लाइट में मौजूद यात्रियों की सुरक्षा बेहद गंभीर मामला है। हम इस मामले को लेकर गंभीर हैं।
फ्लाइट लैंडिंग पर इंडिगो एयरलाइन्स ने रखा पक्ष
ममता बनर्जी के फ्लाइट लैंडिंग विवाद पर इंडिगो एयरलाइंस ने अपना पक्ष रखा है। इंडिगो की ओर से कहा गया कि पटना से कोलकाता पहुंचने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सामान्य लैंडिंग हुई थी। एयर ट्रैफिक की वजह से फ्लाइट को कुछ देर के लिए होल्ड पर रखा गया था।
इंडिगो की ओर से कहा गया कि फ्लाइट के कैप्टन ने ईंधन की कमी या फिर इमरजेंसी का ऐलान नहीं किया था। फ्लाइट में ईंधन आने-जाने के लिए पर्याप्त मात्रा में था।












Click it and Unblock the Notifications