OPINION: हैदराबाद में गरीबों का कॉर्पोरेट अस्पताल NIMS विस्तार को तैयार
हैदराबाद स्थित निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एनआईएमएस) की अहमियत आज और भी बढ़ गई है। यह दो-दो तेलुगू राज्य के लोगों के लिए तो लाइफलाइन बना ही हुआ है। किसी भी कॉर्पोरेट अस्पताल की तरह अत्याधुनिक सुविधाओं वाले इस अस्पताल में गरीबों के लिए हर तरह की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।
बेहतरीन इलाज और मामूली फीस की वजह यहां इलाज के लिए आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। ऊपर से आरोग्यश्री योजना की बदौलत उन्हें न सिर्फ मुफ्त उपचार मिल जाता है, बल्कि अनुभवी डॉक्टरों से इलाज की सुविधा के चलते यह आम जनता की पहली पसंद बन रहा है।

गरीबों की आस है NIMS
एनआईएमएस आज नहीं बना है, 70 साल गुजर चुके हैं। लेकिन, 2014 से पहले की तुलना में उसके बाद यहां हुए बदलाव को हर कोई महसूस कर रहा है। हैदराबाद में अब बड़े कॉर्पोरेट अस्पतालों की कमी नहीं हैं। जो आर्थिक रूप से संपन्न हैं, उन्हें वहां इलाज करवाने में कोई परेशानी नहीं होती। लेकिन, हकीकत ये है कि आज भी गरीबों की आस तो सिर्फ एनआईएमएस पर ही टिकी रहती है। क्योंकि, यहां वह सारी सुविधाएं भी मिल जाती हैं, जो महंगे अस्पतालों में मिलती हैं, लेकिन खर्चा भी नहीं आता।

केसीआर ने निभाया है अपना वादा
2009 में जब तेलंगाना आंदोलन चल रहा था, तब केसीआर ने भूख हड़ताल की थी। उस दौरान उन्हें इलाज के लिए एनआईएमएस में ही भर्ती किया गया था। तब भी गरीबों के लिए इसी अस्पताल का आसरा होता था। लेकिन, तब वहां मरीजों की भीड़ के मुकाबले व्यवस्थाओं का बहुत ही अभाव था। तभी केसीआर ने वादा किया था कि सरकार बनने पर इसके विकास के लिए सालाना 100 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। वह वादा निभाया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि यह अस्पताल अब हर तरह की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।

2,000 बेड वाली नई इमारतों की आधारशिला रखी गई
सोने पे सुहागा ये है कि एनआईएमएस अब और भी ज्यादा विस्तार के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने 2,000 बेड वाली नई इमारतों 'दशाब्दी ब्लॉक' की आधारशिला रख दी है। यह अस्पताल अब देश में सबसे ज्यादा बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में सबसे आगे बढ़ चला है। जबकि, 2014 में यह मात्र 900 बेड वाला अस्पताल था।
9 वर्षों में 65% बढ़ चुकी है बेड की संख्या
बीते 9 वर्षों में सीएम केसीआर की पहल पर इस अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाकर 1,489 की जा चुकी है, जो कि 65% की बढ़ोतरी है। यही नहीं, 2014 में यहां सिर्फ 111 टीचिंग स्टाफ होते थे, जो कि बढ़कर 260 से अधिक हो चुके हैं। पहले यहां सालाना 82 रेसिडेंट डॉक्टरों को तैनात किया जाता था, जिनकी संख्या अब 169 हो चुकी है। आरोग्यश्री योजना के तहत निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में मुफ्त सेवाएं दी जा रही हैं। 9 वर्षों में डेढ़ लाख लोगों को इसका लाभ मिला है। आरोग्यश्री के तहत गरीबों को 533 करोड़ रुपए की सेवाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।

मुफ्त में अंग प्रत्यारोपण की भी व्यवस्था
कमाल की बात है कि आरोग्यश्री के तहत यहां मुफ्त में अंग प्रत्यारोपण की भी व्यवस्था है। 2014 में इसपर 26 करोड़ रुपए की लागत आई थी। 2022-23 में 97 करोड़ रुपए की सेवाएं मुहैया करवाई गईं। 2014 से लेकर 2021 तक के सात वर्षों में डिस्पेंसरी के लिए 90 करोड़ रुपए के उपकरण खरीदे गए।
33 एकड़ में बनेंगी तीन बड़ी इमारतें
पिछले साल ही अतिरिक्त उपकरणों की खरीद के लिए 153 करोड़ रुपए के ऑर्डर दिए गए हैं। एनआईएमएस में नई इमरजेंसी मेडिसिन, क्लिनिकल हेमेटोलॉजी,पीडियाट्रिक नेफ्रोलॉजी, जेरिएट्रिक मेडिसिन, स्टेम सेल रिसर्च फैसिलिटी (स्टेम सेल रिसर्च डिपार्टमेंट) स्थापित किए गए हैं। पहले यहां सालाना सिर्फ 11,000 सर्जरी होती थी। अब इनकी संख्या बढ़कर 25,000 हो चुकी है। एनआईएमएस के विस्तार का कार्य कुल 33 एकड़ में होना है। कुल तीन ब्लॉक बनाए जाएंगे। आउट पेशेंट डिपार्टमेंट, इन पेशेंट डिपार्टमेंट और इमरजेंसी सेवाओं के लिए अलग-अलग ब्लॉक रहेंगे। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ओपीडी ब्लॉक 8 मंजिला बनाई जा रही है और इसे भविष्य में जरूरत के मुताबिक और भी बढ़ाया जा सकेगा। इमरजेंसी सेवाओं वाला ब्लॉक 8 मंजिला होगा। जबकि, आईपीडी ब्लॉक 13 मंजिला बनेगा।

नई इमारतों में 30 ओटी, 500 आईसीयू बेड होंगे
नई इमरातों में कुल 30 ऑपरेशन थिएटर होंगे। 2,000 बेड होंगे और सभी तक ऑक्सीजन की सप्लाई होगी। 500 आईसीयू बेड होंगे। जो मरीज अलग रूम चाहेंगे उनके लिए 300 पेइंग रूम उपलब्ध रहेंगे। यह संस्था किडनी, लीवर, हार्ट, बोन मैरो, ज्वाइंट ट्रांसप्लांट, स्पाइन डिफॉर्मिटी करेक्शन ऑपरेशन जैसे अंग प्रत्यारोपण के मामले में आज देश में शीर्ष पर है। सरकार आरोग्यश्री के तहत यह सारी व्यवस्था मुफ्त उपलब्ध करवा रही है। सिर्फ सर्जरी तक की बात सीमित नहीं है। सरकार उनके जीवन भर के लिए बिना किसी शुल्क के दवाइयां भी उपलब्ध करवा रही है।












Click it and Unblock the Notifications