पाक की ओर से फायरिंग में जम्मू में एक व्यक्ति की मौत
जम्मू। पाकिस्तान की सेना ने शुक्रवार को एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर भारतीय क्षेत्र में गोलीबारी की।

जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तानी सैनिकों ने अकारण भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। गोलीबारी की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि पुंछ जिले के सौजिआन इलाके में शुक्रवार दोपहर में पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी की चपेट में आने से एक महिला मारी गई जबकि चार पुरुष घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया, "घायलों को इलाज के लिए पुंछ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
रक्षा प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के सौजिआन इलाके में नियंत्रण रेखा पर हमारी चौकियों पर छोटे और स्वचलित हथियारों से 2 बजे दिन में गोलीबारी की।
उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने भी उसी क्षमता के हथियारों से माकूल जवाब दिया। दोनों तरफ से 3:50 बजे तक गोलीबारी चलती रही।
पाकिस्तान ने इसी इलाके में नियंत्रण रेखा पर गुरुवार को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था जिससे छह नागरिक घायल हो गए थे और छह घरों को नुकसान पहुंचा था। पाकिस्तानी सैनिकों ने लंबी खामोशी के बाद 1 अक्टूबर को पुंछ जिले में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।












Click it and Unblock the Notifications