कुवैत सुल्तान के निधन पर भारत में भी राजकीय शोक, रविवार को आधा झुका रहेगा झंडा
नई दिल्ली: कुवैत के सुल्तान शेख सबा अल अहमद अल सबा का 29 सितंबर को निधन हो गया था। 91 वर्षीय सुल्तान लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। उन्होंने अमेरिका के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। कुवैत के सरकारी टीवी चैनल से मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की थी। 2006 में शेख जाबेर अल-सबा की मौत के बाद शेख सबा अल अहमद ने कुवैत की गद्दी संभाली थी। अब उनकी जगह शेख नवाफ ने ली है। सुल्तान अल सबा के रिश्ते भारत के साथ काफी अच्छे थे, ऐसे में उनके निधन पर देश में भी एक दिन का राजकीय शोक रहेगा।

गृह मंत्रालय ने गुरुवार को राजकीय शोक से संबंधित आदेश जारी किया। जिसमें कहा गया कि कुवैत के सुल्तान शेख सबा अल अहमद के निधन पर 4 अक्टूबर 2020 को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की जाती है। इस दौरान देशभर में जिन इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां रविवार को ध्वज आधा झुका रहेगा। इसके अलावा देशभर में किसी तरह के सरकारी, मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं होंगे।
पीएम मोदी ने जताया था दुख
आपको बता दें कि भारत और कुवैत के रिश्ते काफी अच्छे हैं। सुल्तान के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कुवैत के अमीर शेख सबा अल अहमद के निधन के खबर से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में हम शेख के परिवार और कुवैत के लोगों से संवेदना प्रकट करते हैं। आज, कुवैत और अरब दुनिया ने एक प्रिय नेता, भारत ने एक करीबी दोस्त और दुनिया ने एक महान राजनेता खो दिया है। शेख सबा अल अहमद ने हमारे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभाई और कुवैत में हमेशा भारतीय समुदाय का विशेष ध्यान रखा।












Click it and Unblock the Notifications