विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर बोले पीएम मोदी, इथेनॉल ने ना सिर्फ पर्यावरण बल्कि किसानों का जीवन भी बदला
नई दिल्ली, जून 5। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक कार्यक्रम को संबोधित किया। वर्चुअल रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में दुनियाभर के देश शामिल हुए थे। इस मौके पर पीएम मोदी ने भारत में 2020-2025 के दौरान इथेनॉल सम्मिश्रण से संबंधित रोडमैप के बारे में एक्सपर्ट समिति की रिपोर्ट जारी की। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, "आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर, भारत ने एक और बड़ा कदम उठाया है। इथेनॉल क्षेत्र के विकास के लिए एक विस्तृत रोडमैप जारी किया गया है। पीएम ने कहा, "7-8 साल पहले तक, देश में इथेनॉल पर शायद ही कभी चर्चा की जाती थी, लेकिन अब 21वीं सदी में इथेनॉल भारत की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक बन गया है।"

Recommended Video
इथेनॉल ने बदला किसानों का जीवन- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि इथेनॉल पर ध्यान देने से पर्यावरण के साथ-साथ किसानों के जीवन पर भी बेहतर प्रभाव पड़ रहा है। पीएम ने कहा कि आज हमने 2025 तक पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान पुणे में तीन स्थानों पर ई 100 के वितरण स्टेशनों की एक पायलट परियोजना का भी शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया है।
इकोनॉमी और इकॉलोजी साथ चल सकते हैं- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि भारत ने एक ऐसा रास्ता चुना है जहां इकोनॉमी और इकॉलोजी दोनों एक साथ चल सकते हैं और आगे भी बढ़ सकते हैं। पीएम ने कहा कि आज भारत दुनिया के सामने एक उदाहरण पेश कर रहा है कि जब पर्यावरण की रक्षा की बात आती है तो ऐसा करते समय विकास कार्यों को रोकना जरूरी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications