500 और 1000 के नोट पर बैन को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा
कांग्रेस की ओर से कहा गया कि कालेधन के मुद्दे पर सरकार की ओर से की गई सभी कार्रवाई का हम समर्थन करते हैं लेकिन जिस तरह से ये फैसला लिया गया क्या वो सही है?
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात करीब 8 बजे बड़ा ऐलान करते हुए 500 और 1000 हजार के नोटों पर प्रतिबंध लगा दिया। इस ऐलान पर कांग्रेस पार्टी ने क्या कहा और कैसे मोदी सरकार को घेरा पढ़िए आगे...

कांग्रेस के निशाने पर प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में केवल 500 और 1000 के नोटों को बैन ही नहीं किया, उन्होंने 500 और 2000 हजार के नए नोट लाने का ऐलान किया।
इस ऐलान के पीछे मोदी सरकार का तर्क है कि कालेधन, भ्रष्टाचार और नकली नोटों के कारोबार का पर्दाफाश करने के लिए उन्होंने ये कदम उठाया है।
हालांकि कांग्रेस ने सरकार के इस फैसले पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि कालेधन के मुद्दे पर सरकार की ओर से की गई सभी कार्रवाई का हम समर्थन करते हैं और आगे भी करते रहेंगे, लेकिन जिस तरह से अचानक ये फैसला लिया गया क्या वो सही है?
अचानक लिए गए फैसले पर उठाया सवाल
कांग्रेस की ओर से रणदीप सुरजेवाला ने सवाल उठाते हुए कहा कि अचानक लिए गए इस फैसले का खामियाजा किसानों को उठाना पड़ेगा। उनकी फसलें कट चुकी हैं और बाजार में है।
वहीं गेहूं और रबी की फसलों को लगाने का भी समय है। ऐसे वक्त में जब किसानों को खाद, बीज और बाजार से अपनी फसल से जुड़ी जरूरत की वस्तुओं को खरीदने का वक्त है ऐसे 500 और 1000 के नोटों का बंद होना उनकी परेशानी बढ़ा सकता है।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि जिनके घर में शादी या फिर कोई कार्यक्रम है तो वो जेवरात, कपड़े वगैरह कैसे खरीदेंगे?
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि एक ओर मोदी जी 1000 रुपये के नोट वापस ले रहे हैं और दूसरी ओर उन्होंने 2000 रुपये का नोट जारी कर दिया है? क्या यह उनके अपने बयान का विरोध नहीं करता है।












Click it and Unblock the Notifications