शिंदे की ताजपोशी पर बोले उमर अब्दुल्ला- 'अगली लड़ाई चुनाव चिह्न को लेकर, उद्धव के लिए हालात मुश्किल'
नई दिल्ली, 30 जून: महाराष्ट्र में हुए राजनीतिक खेल ने पूरे देश को चौंका दिया। अब सत्ता की चाबी शिवसेना के बागी एकनाथ शिंदे के पास आ गई है। वहीं मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार रहे देवेंद्र फडणवीस ने साफ कर दिया है कि वो सरकार में शामिल नहीं होंगे, लेकिन विपक्षी दल लगातार इसे 'लोकतंत्र की हत्या' बताते हुए बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। अब इस मुद्दे पर जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती और उमर अब्दुल्ला का बयान सामने आया है।

उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर लिखा कि एकनाथ का सीएम बनना उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी शिवसेना के लिए बुरी न्यूज है। उद्धव ठाकरे उम्मीद कर रहे थे कि बीजेपी का सीएम होगा, जिससे उन्हें एकनाथ शिंदे पर हमला करने का हथियार मिल जाएगा। इससे ठाकरे के लिए अपनी शिवसेना के पुनर्निर्माण का काम और मुश्किल हो गया है। एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि अगली लड़ाई शिवसेना के चुनाव चिह्न को लेकर होगी। अगर चुनाव आयोग शिंदे गुट को धनुष और तीर आवंटित करता है तो ये उद्धव के लिए केवल एक कठिन संघर्ष नहीं होगा, बल्कि ये हाथ और पैरों को एक साथ बांधकर K2 (पहाड़) पर चढ़ने जैसा होगा।
महबूबा ने कही ये बात
वहीं उद्धव ठाकरे ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया था। उसकी खबर को रिट्वीट करते हुए महबूबा मुफ्ती ने लिखा कि भारत सरकार के सामने खड़े होने का खामियाजा भुगतने के बाद, मैं समझताी हूं कि कोई राजनीतिक दल बिखर सकता है। पसीने, खून और आंसुओं से बनी पार्टी अचानक टुकड़ों में टूट जाती है और हाईजैक हो जाती है। ये सिर्फ आप बनाम भाजपा नहीं है। आप पूरी सरकार और एजेंसियों की ताकत के खिलाफ लड़ते हैं।












Click it and Unblock the Notifications