गृहमंत्री अमित शाह से मिले जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला, इस मुद्दे पर हुई बात
जम्मू-कश्मीर के नवनियुक्त मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की है। बुधवार को हुई यह मुलाकात अब्दुल्ला की पिछले सप्ताह पदभार संभालने के बाद पहली राजधानी यात्रा के दौरान हुई। 30 मिनट की चर्चा के दौरान अब्दुल्ला ने गृहमंत्री से केंद्र शासित प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर बात की, खास तौर पर राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने की ओर ध्यान खींचने की कोशिश की।
अब्दुल्ला ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया, जिसमें उन्होंने शाह को जम्मू-कश्मीर की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी। बातचीत का मुख्य विषय क्षेत्र केंद्र शासित प्रदेश को राज्य का दर्जा बहाल करना भी था। यह यात्रा गांदरबल जिले के गंगनगीर में हुए एक दुखद आतंकी हमले के तुरंत बाद हुई है, जिसमें तीन दिन पहले ही एक डॉक्टर समेत सात लोगों दहशतगर्दों ने मौत के घाट उतार दिया है।

2019 में जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश में पुनर्गठन के बाद से यहां की पुलिस भी केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में है। अब्दुल्ला की दिल्ली यात्रा में केंद्र सरकार के लोगों के साथ बैठकें शामिल हैं, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी उनकी बैठक होने की उम्मीद है।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस 90 में से 42 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उनकी पहली कैबिनेट बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसमें केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर के राज्य के दर्जे को उसकी मूल स्थिति में बहाल करने का आग्रह किया गया।
जम्मू-कश्मीर कैबिनेट के समर्थन से अब्दुल्ला को इस मुद्दे की वकालत करने के लिए प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के समक्ष अपनी बातें रखने का अधिकार दिया गया है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications