Arvind Kejriwal: राष्ट्रपति शासन की ओर बढ़ रही है दिल्ली! 'INDIA' के एक नेता ने AAP को क्या दी सलाह?
Arvind Kejriwal News Latest: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी का यही स्टैंड है कि वे जेल से ही सरकार चलाएंगे। दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री आतिशी ने यह घोषणा की है। लेकिन, इंडिया ब्लॉक में इनके सहयोगी और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला को 'आप' के इस रवैए से दिल्ली राष्ट्रपति शासन की ओर बढ़ती दिख रही है।
उमर अब्दुल्ला ने आम आदमी पार्टी के सामने झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन का उदाहरण रखा है। उन्होंने कहा है, 'यह पहला मामला नहीं है। इससे कुछ हफ्ते पहले ही, हमारे दोस्त झारखंड के मुख्यमंत्री को भी हिरासत में लिया गया था। वे राजभवन गए और अपना इस्तीफा दे आए, क्योंकि उन्हें पता था कि क्या होगा....'

उमर अब्दुल्ला ने 'आप' को दी सलाह
नेशनल कांफ्रेंस के नेता के मुताबिक, 'अगर वे मुख्यमंत्री रहते हुए जेल चले जाते...बीजेपी ने राष्ट्रपति शासन लगाने के लिए संविधान का इस्तेमाल किया होता...।'
तो केंद्र लगा सकता है राष्ट्रपति शासन- उमर अब्दुल्ला
इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी को आगाह करते हुए कहा है, 'अब दिल्ली को लेकर मेरी यही चिंता है...अगर आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल को जेल में भी मुख्यमंत्री बनाए रखने पर अड़ी रहती है, तो केंद्र नई दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने के लिए इसे एक बहाने की तरह इस्तेमाल करेगा....अरविंद केजरीवाल न तो पहले हैं और न ही आखिरी....यह होगा....।'
हेमंत सोरेन ने गिरफ्तारी से पहले राज्यपाल को सौंप दिया इस्तीफा
तमिलनाडु की पूर्व सीएम जयललिता के बाद केजरीवाल दूसरे ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो कुर्सी पर रहते हुए ही गिरफ्तार किए गए हैं। झारखंड में हेमंत सोरेन ने यह नौबत ही नहीं आने दी और गिरफ्तारी से पहले ही गवर्नर को इस्तीफा सौंप दिया था।
केजरीवाल जेल से चलाएंगे सरकार- आतिशी का दावा
लेकिन, दिल्ली की मंत्री आतिशी ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कहा कि, 'केजरीवाल दिल्ली के सीएम हैं और सीएम बने रहेंगे। ऐसा कोई कानून नहीं है, जो उन्हें जेल से सरकार चलाने से रोके।' दिल्ली विधानसभा के स्पीकर राम निवास गोयल ने भी इसी तरह की बात कही कि केजरीवाल को जेल से सरकार चलानी चाहिए।
...तो केंद्र राष्ट्रपति शासन लगा सकता है-संविधान के जानकार
टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक संविधान विशेषज्ञ एसके शर्मा ने भी इस बात की पुष्टि की है कि ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, जिसमें सीएम को इस्तीफा देकर दूसरे को सत्ता सौंपने की व्यवस्था हो। लेकिन, इसके साथ ही उन्होंने भी यह भी कहा है कि अगर आम आदमी पार्टी इस बात पर अड़ी रहती है तो एक तरह का गतिरोध पैदा हो सकता है और केंद्र राष्ट्रपति शासन लगा सकता है।
राष्ट्रपति शासन से बचने के लिए ये बन सकते हैं दिल्ली के मुख्यमंत्री
हालांकि, आम आदमी पार्टी के नेता बाहर जो भी स्टैंड ले रहे हों, पार्टी के अंदर के लोगों का कहना है कि अगर जरूरत पड़ी तो आतिशी और स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज का नाम आगे आ सकता है। सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के जेल जाने के बाद यही दोनों केजरीवाल सरकार के सबसे मजबूत चेहरे हैं।
सूत्रों का कहना है कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल की जिस तरह से दिल्ली की राजनीति में दिलचस्पी बढ़ी है और वह पार्टी की बैठकों में शामिल होती हैं, उनका नाम भी सामने आ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications