2019 से पहले तीसरे मोर्चे में बढ़ी हलचल, INLD प्रमुख चौटाला बोले-मायावती को बनाएंगे अगला पीएम
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 से पहले तीसरे मोर्चे के गठन को लेकर हलचल बढ़ती दिखाई दे रही है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नैशनल लोक दल के मुखिया ओम प्रकाश चौटाला ने कहा है कि वे 2019 में बसपा सुप्रीमो मायावती को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाएंगे। चौटाला ने कहा कि सभी विपक्षी दलों को इकट्ठा करके हम सब मायावती को प्रधानमंत्री के पद पर बैठाने का काम करें। अपने पिता देवी लाल की 105वीं जयंती के मौके पर आयोजित रैली के दौरान ओम प्रकाश चौटाला ने ये बातें कहीं।

मायावती को पीएम बनते देखना चाहते हैं चौटाला
लगभग चार साल के बाद किसी जनसभा को संबोधित कर रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने उन्हें जेल भेजने की साजिश रची थी। उन्होंने कहा, 'जब मैं जेल गया तब कांग्रेस ने सोचा कि इंडियन नैशनल लोक दल खत्म हो खत्म हो जाएगा, लेकिन मैं उन कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर पार्टी को जीवित रखा।' चौटाला को शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में 10 साल की सजा सुनाई गई थी और वे दो हफ्ते के पैरोल पर तिहाड़ जेल से बाहर आए हैं।
'तीसरे मोर्चे के गठन की दिशा में कर रहे काम'
ओम प्रकाश चौटाला ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अगले चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन को और भी मजबूत करें। उन्होंने कहा कि वे तीसरे मोर्चे के गठन की दिशा में काम कर रहे हैं ताकि एक गरीब की बेटी मायावती देश की प्रधानमंत्री बन सके। चौटाला ने कहा कि बीएसपी-आईएनएलडी का गठबंधन मजबूत था और ये गठबंधन मायावती को देश का पीएम बनाने के लिए किया गया था।

कांग्रेस पर बोला हमला
इस रैली के दौरान बीएसपी के हरियाणा प्रभारी मेघराज सिंह भी मौजूद थे और उन्होंने कहा कि बीजेपी-कांग्रेस के दुष्प्रचार के बावजूद INLD-बीएसपी का गठबंधन मजबूत है और ये आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस इस गठबंधन की शक्ति और प्रभाव से चिंतित हैं।












Click it and Unblock the Notifications