Oi Exclusive: अखिलेश यादव-प्रियंका गांधी ने नहीं की मदद, चंद्रशेखर मामले में रोहिणी घावरी का दावा
Oi Exclusive: नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी काशीराम के संस्थापक चंद्रशेखर पर आरोप लगाने वाले इंदौर की रोहिणी घावरी ने उन्हें लेकर कुछ और फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर डाले। जिसके बाद से दोनों का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इसे लेकर रोहिणी से वनइंडिया ने एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने दिल्ली पुलिस की बेरुखी, चंद्रशेखर पर आरोप और कोर्ट से मिली निराशा पर खुलकर बात की।
चंद्रशेखर और शराब
रोहिणी ने दावा किया कि चंद्रशेखर शराब का सेवन करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाए कि चंद्रशेखर ने दूसरी लड़कियों का भी शोषण किया है। उन्होंने कहा कि सांसद आंदोलन के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं और समाज से जुड़े युवाओं को भटकाने का काम कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस से मिली निराशा
बकौल रोहिणी, वह 6 अगस्त 2025 को स्विट्जरलैंड से भारत आईं थी। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के तत्कालीन कमिश्नर संजय अरोड़ा से मुलाकात की। कमिश्नर ने उन्हें FIR दर्ज कराने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद मामला एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन पर भेजा गया। तमाम कोशिशों और मुलाकातों के बावजूद FIR दर्ज नहीं हो सकी।
NCW ने भी धोखा दिया
महिलाओं की सुरक्षा करने वाली संस्था नेशनल कमीशन ऑफ वूमन पर भी रोहिणी ने आरोप लगाते हुए कहा कि- '3 महीने से ज्यादा का वक्त बीत जाने के बावजूद NCW ने मामले पर कोई संज्ञान नहीं लिया। न ही उन्होंने दिल्ली पुलिस पर FIR करने का दबाव डाला और न ही मुझे बताया कि अब इसमें अपडेट क्या है? कई प्रयासों के बावजूद निराशा ही हाथ लगी है।'
कोर्ट से भी नहीं मिली मदद- रोहिणी
रोहिणी ने बताया कि जब कहीं से उन्हें न्याय की उम्मीद नहीं दिखी तो उन्होंने आखिरी में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। लेकिन महीना बीत जाने के बाद भी कोर्ट ने न तो पुलिस को जांच के आदेश दिए और न ही FIR करने जैसी कोई बात कही। मामला कहां तक पहुंचा कोई नहीं जानता।
'अखिलेश यादव-प्रियंका गांधी ने नहीं की मदद'
रोहिणी को जब पुलिस, कोर्ट और NCW से कोई मदद या न्याय की उम्मीद नहीं दिखी तो उन्होने विपक्षी नेताओं से मदद मांगने के बारे में सोचा। इसके लिए उन्होंने प्रियंका गांधी तक अपनी फाइल पहुंचाई। प्रियंका गांधी के ऑफिस से उन्हें आगे जवाब आना बंद हो गए। जिसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव से मदद मांगी। शुरुआत में उन्हें आश्वसन मिले तो लगा कि FIR दर्ज हो जाएगी। लेकिन कुछ समय के बाद यहां से भी उन्हें रिस्पॉन्स मिलना बंद हो गया।
कौन हैं रोहिणी?
रोहिणी घावरी इंदौर की रहने वाली हैं। उन्होंने वनइंडिया पर इंटरव्यू के दौरान सांसद चंद्रशेखर पर शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं। वर्तमान में रोहिणी स्विटजरलैंड से PhD कर रही हैं जिसके लिए मध्य प्रदेश सरकार से उन्हें एक करोड़ रुपए की स्कॉलर्शिप भी मिल चुकी है। रोहिणी UN में स्पीच देकर चर्चा में आईं थी, लेकिन अब चंद्रशेखर मामले को लेकर चर्चा में हैं। वह चंद्रशेखर के खिलाफ अक्सर सोशल मीडिया पर लिखती रहती हैं और कथित सबूत भी पोस्ट करती हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications