फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर भारतीय महिला से कपड़े उतारने को कहा
जर्मनी में एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के नाम पर एक भारतीय महिला से कपड़े उतारने को कहा गया। इस पर सुषमा स्वराज ने भारतीय दूतावास से रिपोर्ट मांगी है।
दिल्ली। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर एक भारतीय महिला को सुरक्षा अधिकारियों ने जांच के लिए कपड़े उतारने को कहा। महिला ने इसे नस्लीय भेदभाव करार देकर सोशल मीडिया पर बर्ताव के खिलाफ पोस्ट लिखा है। इसके बाद यह मामला मीडिया में उछला तो जानकारी होने पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने जर्मनी स्थित भारतीय दूतावास से रिपोर्ट मांगी है।

बेंगलुरु की है श्रुति बसप्पा
बेंगलुरु की श्रुति बसप्पा पति और चार साल की बेटी के साथ आइसलैंड में रहती है। वह परिवार के साथ बेंगलुरु से फ्रैंकफर्ट होते हुए आइसलैंड जा रही थी कि उसके साथ यह वाकया हुआ जिस पर उन्होंने फेसबुक पोस्ट लिखी। इसके साथ श्रुति ने फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट के एफबी पेज का रिव्यू करते हुए उसे एक स्टार देते हुए अपने साथ हुई इस बदसलूकी पर जवाब मांगा। इस मामले को लेकर श्रुति ने फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर ऑफिशियल रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।

फेसबुक पर श्रुति ने क्या लिखा?
पोस्ट में श्रुति ने लिखा कि मेरे पास भारतीय पासपोर्ट है और मेरे पति आइसलैंड के नागरिक हैं। मेरे पास आइसलैंड में रहने का परमिट है। हम भारत से आइसलैंड जा रहे थे कि फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर रैंडम सिक्योरिटी चेकिंग की बात कहकर मेरी 4 साल की बेटी के सामने मुझे कपड़े उतारने को कहा गया। मैंने कहा कि किसी भी यंत्र से स्कैन कर लो जबकि मैं रेगुलर बॉडी स्कैन से गुजर चुकी थी। मुझे यह बहुत ही बेहूदा लगा कि बिना किसी वजह के एयरपोर्ट पर किसी के कपड़े उतरवाए जाएं। मैंने उनको कहा कि मेरे पेट की सर्जरी हुई है लेकिन मेरे निवेदन को दरकिनार कर मेरे साथ बदसलूकी की गई। महिला सिक्योरिटी इंचार्ज मुझ पर चिल्लाने लगी लेकिन जब उसने मेरे यूरोपियन पति को झांकते देखा तो उनका इरादा बदल दिया।

'मैं कई बार इस तरह के भेदभाव की शिकार हुई हूं'
श्रुति ने फेसबुक पर लिखा कि यह पहली बार उनके साथ नहीं हुआ है। इससे पहले भी वह कई बार अपने स्किन कलर की वजह से नस्लीय भेदभाव की शिकार हो चुकी है। श्रुति ने लिखा कि ऐसा हर बार उनके साथ ही क्यों होता है? क्यों रैंडम सिक्योरिटी चेकिंग के लिए उन्हीं को पकड़ा जाता है? श्रुति ने यह भी लिखा कि उनके पति कहते हैं कि यह सब बस मेरे दिमाग की उपज है लेकिन मेरे पति को तो कभी इस तरह की चेकिंग के लिए नहीं रोका गया।

सुषमा स्वराज ने भारतीय दूतावास से मांगी रिपोर्ट
फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर भारतीय महिला श्रुति बसप्पा से हुई इस बदसलूकी के बारे में जब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को पता चला तो उन्होंने भारतीय दूतावास से इस घटना पर रिपोर्ट मांगी और इस बारे में ट्विटर पर बताया।












Click it and Unblock the Notifications