Odisha Train Accident: कांग्रेस बोली- बालासोर रेल दुर्घटना की CBI जांच सरकार का मैनेजमेंट, आगे यूं की खिंचाई
Odisha Train Accident: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश का बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पीएम मोदी को पत्र लिखे जाने के एक दिन बाद आया है। जयराम रमेश ने कानपुर रेल दुर्घटना की भी याद दिलाई है।

Odisha Train Accident: ओडिशा रेल हादसे की सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को सरकार की आलोचना की। कहा कि सुर्खियां बटोरने के लिए ऐसा किया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार शाम को घोषणा की थी कि दुर्घटना की सीबीआई जांच की सिफारिश की गई है।
सरकार की आलोचना करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि रेल सुरक्षा आयुक्त द्वारा बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर अपनी रिपोर्ट सौंपे जाने से पहले ही सीबीआई जांच की घोषणा की जाती है। यह और कुछ नहीं बल्कि सुर्खियों बटोरने का एक तरीका था, जो पूरी तरह से विफल रहा है।
कानपुर रेल दुर्घटना की दिलाई याद
इतना ही नहीं, जयराम रमेश ने साल 2016 में हुए कानपुर ट्रेन हादसे का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि याद कीजिए 20 नवंबर, 2016 इंदौर-पटना एक्सप्रेस कानपुर के पास पटरी से उतर गई थी। 150 से ज्यादा लोगों की जान चली जाती है। वहीं, 23 जनवरी, 2017 तत्कालीन रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर इस दुर्घटना की एनआईए जांच की मांग की।
24 फरवरी, 2017 में प्रधानमंत्री ने कहा कि कानपुर रेल दुर्घटना एक साजिश है। 21 अक्टूबर, 2018 में मीडिया रिपोर्ट में सामने आया कि एनआईए पटरी से उतरने के मामले में कोई चार्जशीट दाखिल नहीं करेगी। 6 जून, 2023 को कानपुर ट्रेन के पटरी से उतरने पर एनआईए की अंतिम रिपोर्ट पर अभी तक कोई आधिकारिक खबर नहीं आई है।
खड़गे के PM को लिखी चिट्ठी के बाद आया रमेश का बयान
आपको बता दें कि रमेश का यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र के एक दिन बाद आया है, जिसमें कहा गया है कि जांच एजेंसी अपराधों की जांच करने के लिए है, न कि रेलवे दुर्घटनाओं की। तकनीक, संस्थागत और राजनीतिक विफलताओं के लिए जवाबदेही तय नहीं कर सकते।
कोरोमंडल एक्सप्रेस दुर्घटना में 275 की मौत
मालूम हो कि बीती शुक्रवार (दो जून) को ओडिशा के बालासोर जिले में बहानागा रेलवे स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे में कोरोमंडल एक्सप्रेस की एक मालगाड़ी से टक्कर हो गई। जिसमें 275 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 1,100 से ज्यादा घायल हुए। हादसे का मंजर झकझोरने वाला रहा। उधर, ट्रेनों की आवाजाही भी बाधित हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications