मिशन इंद्रधनुष में ओडिशा पहले पायदान पर, 90.5 फीसदी का लक्ष्य किया हासिल
भुवनेश्वर, 09 मार्च। देशभर में दो साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित टीकाकरण दिए जाने का अभियान चल रहा है, इसे मिशन इंद्रधनुष नाम दिया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे इस मिशन में ओडिशा पहले पायदान पर है। ओडिशा ने 90.5 फीसदी लक्ष्य हासिल करके इस मिशन में पहला स्थान हासिल किया है। इस मिशन के जरिए महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए टीका लगाया जा रहा है। इस पूरे मिशन पर ओडिशा के अधिकारियों की पैनी नजर है। अलग-अलग विभागों को निर्देश दिए गए कि वह इस मिशन को सफल बनाएं और इस दौरान कोरोना टीकाकरण अभियान की रफ्तार कम नहीं होने देने का भी निर्देश दिया गया है।

मिशन की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव सुरेश चंद्र महापात्रा ने निर्देश दिए हैं कि लोगों में जागरुकता अभियान चलाया जाए, जिसमे कम्युनिटी लीडर हिस्सा लेंगे, पीआरआई के प्रतिनिधि, एनजीओ, आशा और आंगनवाड़ी की कार्यकर्ता हिस्सा लें। इससके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया हैकि सभी संबंधित विभाग मुख्य रूप से महिला एवं बाल विकास, स्कूल, पंचायती राज, शहरी एवं ग्रामीण विकास, श्रम विभाग, ईएसआई, खेल विभाग ग्राउंड जीरो पर इसके लिए काम करे और इस बात को सुनिश्चित करे कि कोई भी अर्ह बच्चा या गर्भवती महिला बिना टीके के रह ना जाए और उसका संपूर्ण टीकाकरण हो। साथ ही महापात्रा ने निर्देश दिया है कि इस मिशन का कोरोना टीकाकरण अभियान पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए और यह अपनी रफ्तार से जारी रहना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications