किसानों से मिलने पहुंचे ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास
ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास ने संबलपुर का दौरा करने के लिए पहुंचे, यहां उन्होंने किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं राज्यपाल के साथ साझा की। कुछ ने सिंचाई की समस्या बताई तो कुछ ने मंडियों में धान की खरीद में अनियमितता की बात कही। जबकि कुछ किसानों ने कहा कि उन्हें दलालों की वजह से गलत दाम पर अनाज को बेचना पड़ता है।
यहां के एक किसान चंद्रशेखर पांडा ने कहा कि मेरी जानकारी में पिछले 20-22 सालों में पहली बार राज्यपाल ने किसानों के साथ बात की है। किसानों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने भरोसा दिया है कि वह उनकी समस्या का समाधान कराएंगे। राज्यपाल ने किसानों की समस्याओं को धैर्य से सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस पूरे मसले पर बीजू जनता दल सरकार को घेरने का काम किया। भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। भाजपा नेता प्रदीप पुरोहित ने कहा कि मंडियों में काफी सारी अनियमितताएं हैं। किसान कटनी छटनी की समस्या से जूझ रहे हैं। मिल वाले किसानों को लूट रहे हैं।
अगर सही मायने में मंत्री किसानों के लिए कुछ करना चाहते हैं तो उन्हें कटनी-छटनी करने वालों को गिरफ्तार करना चाहिए। वहीं इस मामले पर को-ऑपरेशन मंत्री अटानू सब्यसाची ने कहा कि धान की खरीद बेहतर तरह से हो रही है। अगर किसी भी तरह की कोई शिकायत आती है तो जरूरी कार्रवाई की जाएगी। गौर करने वाली बात है कि अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव है, ऐसे में प्रदेश में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications