ओडिशा सरकार ने की निजी स्कूलों से जून तक फीस माफ करने की अपील
भुवनेश्वर। देश में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने 21 दिनों का लॉकडाउन लागू किया है। लॉकडाउन के बाद देश में लगभग सभी तरह की गतिविधियां ठप हैं। जिसके चलते लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए ओडिशा सरकार ने निजी स्कूलों को अप्रैल से जून तक की स्कूल फीस कम करने या स्थगित करने के लिए कहा है। यह आदेश राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन अवधि को बढ़ाकर 30 अप्रैल करने के एक दिन बाद आया है।

लॉकडाउन और आर्थिक दबाव की वजह से ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने निजी शिक्षण संस्थानों को सलाह दी है कि अप्रैल से जून तक की फीस माफ या कम करने की सोचें। आय प्रभावित होने वाले अभिभावकों की सहूलियत का ध्यान रखने की सलाह। ओडिशा ऐसा करने वाला पहला राज्य बन गया। राज्य में स्कूलों और कॉलेजों को 17 जून तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।
राज्य के विभिन्न स्थानों पर प्रशासन के अधिकारियों ने निजी स्कूलों से फीस का भुगतान करने के लिए अभिभावकों पर दबाव नहीं बनाने की अपील की है। इससे पहले 4 अप्रैल को, हरियाणा सरकार ने राज्य भर के सभी निजी स्कूलों को निर्देश दिए थे कि स्कूल अभिभावकों पर फीस जमा करने का तब तक कोई दबाव नहीं डाला जाए जब तक कि लॉकडाउन खत्म न हो जाए।
ओडिशा में कोरोना वायरस के चार और नए मामले सामने आए हैं जिससे राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 48 पर पहुंच गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। नए मामलों की विस्तृत जानकारी अभी उपलब्ध नहीं हैं। कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने से ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्य में चल रहे लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाने का फैसला किया ताकि इस संक्रामक रोग को फैलने से प्रभावी तौर से रोका जाए।












Click it and Unblock the Notifications