Odisha News: मौत को छूकर लौटे कांग्रेस विधायक! आधी रात को अचानक 37 जिंदगियों के बीच मची चीख-पुकार!
Odisha News: ओडिशा के चित्रकोंडा से कांग्रेस विधायक मंगू खिल्ला (Mangu Khilla) एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। शनिवार तड़के करीब 3 बजे, भुवनेश्वर से मलकानगिरी जा रही एक निजी बस का पिछला टायर आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के पास अचानक फट गया, जिससे वाहन में भीषण आग लग गई।
हादसे के वक्त विधायक समेत सभी 37 यात्री गहरी नींद में थे, लेकिन ड्राइवर की तत्परता और सूझबूझ ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। ड्राइवर ने तुरंत बस रोककर सभी यात्रियों को जगाया और खिड़कियां खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

कांग्रेस विधायक मंगू खिल्ला को कितनी आई चोट?
देखते ही देखते पूरी बस आग के गोलों में तब्दील होकर जलकर खाक हो गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन विधायक मंगू खिल्ला को पीठ में मांसपेशियों में खिंचाव आया है, जिसके लिए उनका उपचार चल रहा है।
कांग्रेस विधायक मंगू खिल्ला का राजनीतिक सफर
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सक्रिय नेता मंगू खिल्ला ओडिशा की राजनीति में एक उभरता हुआ नाम हैं। मंगू खिल्ला एक बहुत ही साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता का नाम स्वर्गीय भगवान खिल्ला है। लगभग 40 वर्षीय मंगू खिल्ला मलकानगिरी जिले की चित्रकोंडा (ST) विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी सादगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विधायक बनने के बाद भी उनकी पत्नी 'चितापारी 3' के एक सरकारी (TRW) हॉस्टल में रसोइया (Cook) के रूप में काम करती हैं। उनका पूरा परिवार आज भी जमीन से जुड़ा हुआ है।
मंगू खिल्ला की शिक्षा और पढ़ाई-लिखाई
अगर उनकी पढ़ाई की बात करें, तो मंगू खिल्ला ने छत्तीसगढ़ के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (NIOS) से 10वीं कक्षा तक की शिक्षा प्राप्त की है। वे एक '10वीं पास' विधायक हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और जनसेवा के दम पर राजनीति में यह मुकाम हासिल किया है।
काम-काज और कमाई के जरिए
मंगू खिल्ला का मुख्य पेशा खेती-किसानी (Agriculture) है। राजनीति में आने से पहले और आज भी वे खेती के जरिए ही अपना जीवनयापन करते हैं। उनके घर की कुल कमाई का जरिया खेती और उनकी पत्नी को रसोइया के काम से मिलने वाला वेतन ही है। उनके ऊपर किसी भी तरह का कोई कर्ज (Liabilities) नहीं है।
संपत्ति और कानूनी रिकॉर्ड
मंगू खिल्ला की गिनती राज्य के सबसे साधारण और कम संपत्ति वाले विधायकों में होती है। उनके पास कुल जमा-पूंजी लगभग 1,47,000 रुपये है। हालांकि, उनके रिकॉर्ड में 2 आपराधिक मामले भी दर्ज हैं, लेकिन इन सबके बावजूद जनता ने उनकी कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए उन्हें 2024 के चुनाव में अपना प्रतिनिधि चुना है।












Click it and Unblock the Notifications