Balasore Train Accident: इंजीनियर-टेक्निशियन समेत तीन अधिकारी अरेस्ट, पांच दिनों की CBI कस्टडी
ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे (Balasore Train Accident) की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है। सीबीआई ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर अरुण कुमार मोहंता, सेक्शन इंजीनियर मोहम्मद अमीर खान और तकनीशियन पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304 और 201 के तहत सीबीआई ने जिन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, ये बालासोर हादसे में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कार्रवाई के बारे में समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, बालासोर ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना के दोषियों पर शुक्रवार को तीन रेलवे अधिकारियों को गिरफ्तार किया।
पांच दिनों की सीबीआई हिरासत
CBI ने गिरफ्तार अधिकारियों को विशेष अदालत में पेश किया, जहां से आरोपियों को पांच दिनों की हिरासत में भेज दिया गया। शुक्रवार देर रात समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, भुवनेश्वर की कोर्ट में पेश तीनों को 5 दिनों की सीबीआई कस्टडी में भेजा गया है।
इससे पहले सीबीआई अधिकारियों ने एएनआई से बताया, सीबीआई ने अपनी जांच में पाया कि आरोपी रेलवे कर्मचारी भी सबूतों से छेड़छाड़ में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों को सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा और सीबीआई हिरासत की मांग करेगी।
रेलवे बोर्ड ने दुर्घटना की केंद्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने की सिफारिश की थी जिसके बाद 6 जून को सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ले ली। इस मामले में सीबीआई पहले ही प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर चुकी है।
दुर्घटना के बाद इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगने के बाद एजेंसी इस मामले में शामिल हुई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का 50 घंटे से अधिक समय तक ग्राउंड जीरो पर रहना और पीएम मोदी का दौरा भी सुर्खियों में रहा था।
बता दें कि Balasore Train Accident ओडिशा में तीन ट्रेनों की टक्कर से हुए भीषण रेल हादसे के बाद गत 30 जून को पहली बड़ी कार्रवाई सामने आई थी। केंद्र सरकार ने साउथ ईस्टर्न रेलवे की महाप्रबंधक (GM) को हटाया था।
साउथ ईस्टर्न रेलवे की GM अर्चना जोशी को हटाने के बाद शुक्रवार को ही नियुक्ति संबंधी कैबिनेट समिति ने अनिल कुमार मिश्रा को दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) का नया जीएम नियुक्त किया था। इससे पहले भी रेलवे बोर्ड ने 5 बड़े अधिकारियों का ट्रांसफर किया था।
हादसे में कितने यात्रियों की जान गई
बता दें कि ओडिशा के बालासोर में दो यात्री ट्रेनों और एक मालगाड़ी की भयानक टक्कर और पटरी से उतर जाने से 275 यात्रियों की जान चली गई और 1,000 से अधिक घायल हो गए।
कौन सी गाड़ियां हादसे का शिकार हुईं
गौरतलब है कि बालासोर में बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, कोरोमंडल एक्सप्रेस और मालगाड़ी ओडिशा के बालासोर जिले के बहनागा बाजार स्टेशन पर टक्कर से पहले तीन अलग-अलग पटरियों पर होने के बावजूद भीषण हादसे का शिकार हुईं।












Click it and Unblock the Notifications